नागरिकता संशोधन कानून का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब फिल्मकार महेश भट्ट ने भी अपने तरीके से इस कानून का विरोध किया है। दरअसल महेश भट्ट ने संविधान की शपथ लेकर कहा कि ‘हम संविधान के मूल्यों और इसके सेक्यूलर और लोकतांत्रिक स्वरूप के प्रति समर्पित रहेंगे।’ इसके बाद महेश भट्ट ने देश की विविधता और एकता की तारीफ की। महेश भट्ट ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून भेदभाव करता है और यह संविधान के खिलाफ है।
महेश भट्ट ने आगे कहा कि हम इस कानून का बहिष्कार करेंगे। महेश भट्ट ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। महेश भट्ट के इस वीडियो को योगेन्द्र यादव ने ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए योगेन्द्र यादव ने यह शपथ लेने के लिए महेश भट्ट को धन्यवाद दिया और इस उनकी इस पहल को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में राष्ट्रीय स्तर के कैंपेन की शुरूआत बताया।
योगेन्द्र यादव ने इसी तरह अन्य लोगों को भी संविधान की रक्षा की शपथ लेने और नागरिकता संशोधन एक्ट के बहिष्कार का आहवान किया।
Thanks @MaheshNBhatt for taking this pledge and kicking off a national campaign against Citizenship Amendment.
Let’s all take this pledge and invite another person to defend our constitution and boycott CAB based NRC.
I begin with @pbhushan1 pic.twitter.com/82qKR9gnDW
— Yogendra Yadav (@_YogendraYadav) December 15, 2019
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आज दिल्ली में भी भारी हिंसा हुई। दरअसल जामिया यूनिवर्सिटी के छात्र कानून के विरोध में शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की।
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने 3 बसें फूंक दी और कई अन्य वाहनों में भी आग लगा दी। पुलिस ने एहतियातन कई रास्तों पर ट्रैफिक रोक दिया और कई मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए।