राहुल गांधी भारत जोड़ो आंदोलन और संसद सत्र के दौरान अक्सर हाथ में लाल रंग की संविधान की किताब लिए नजर आते रहे हैं। इन दिनों वे फिर सभाओं में इसे दिखाते रहते हैं। इस पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी अराजकता फैलाने वालों के साथ हैं। वे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए आ रहे हैं और इस दौरान उन्होंने देवेंद्र फड़णवीस को भी निशाने पर लिया। फड़णवीस ने दावा किया कि राहुल गांधी के आसपास कुछ ऐसे लोग हैं जो अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं।
बीजेपी नेता बोले- India गठबंधन का लक्ष्य अराजकता फैलाना
फड़णवीस ने कहा, “जिस भारत जोड़ो समूह का गठन किया गया है, उसमें कई वामपंथी संगठन हैं। इनकी कार्यप्रणाली और लक्ष्य अराजकता फैलाने के हैं। राहुल गांधी संविधान की किताब दिखाते हैं, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। लेकिन सवाल ये है कि वह लाल रंग की संविधान की किताब क्यों दिखा रहे हैं? क्या इस किताब के माध्यम से वह किसी को चेतावनी दे रहे हैं? संविधान का मतलब है व्यवस्था, लेकिन लाल किताब दिखाकर वह अराजकता फैला रहे हैं।”
देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि संविधान और भारत जोड़ो के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे शहरी नक्सलवाद से जोड़ते हुए कहा कि यह प्रयास लोगों के दिमाग को प्रदूषित करने का है। उनका मानना है कि इस तरह की कोशिशों से देश की संस्थाओं और व्यवस्थाओं पर लोगों का विश्वास घटेगा, जिससे देश की एकता और अखंडता को खतरा हो सकता है।
हालांकि राहुल गांधी ने इस आरोप का जवाब देते हुए कहा कि वह नागपुर में संविधान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन से वह विदर्भ में कांग्रेस के गढ़ में प्रचार की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
राहुल गांधी 6 नवंबर को नागपुर में आयोजित संविधान सम्मान सम्मेलन में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी शामिल होंगे। शाम को बीकेसी, मुंबई में महाविकास अघाड़ी की गारंटी की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस के नेता नाना पटोले ने कहा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस बीच, देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि राहुल गांधी के लिए इस तरह के भ्रम फैलाने की रणनीतियां अब ज्यादा दिन नहीं चलने वालीं, खासकर लोकसभा चुनाव के दौरान फैलाए गए भ्रम को लोग अब पहचान चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोग राहुल गांधी और उनकी पार्टी के नाटक को अब और नहीं सहन करेंगे।