Maharashtra Wardha Blast: महाराष्ट्र के वर्धा के पास मंगलवार (20 नवंबर) सुबह पुलगांव सेना डिपो में धमाका हो गया। खबर अपडेट किए जाने तक न्यूज एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के मुताबिक, इस हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग जख्मी हुए। घटना के फौरन बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि यह धमाका बेकार हो चुके विस्फोटकों को निष्क्रिय करने के दौरान हुआ। घटना को लेकर जांच के आदेश दिए गए।

उधर, घटना के कुछ देर बाद डिफेंस पीआरओ नागपुर बीबी पांडे ने स्थानीय पत्रकारों को बताया, “पुलगांव स्थित डिपो में जबलपुर के खमरिया ऑर्डनेंस फैक्ट्री के कर्मचारी पुराने विस्फोटकों को नष्ट कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूरों व एक ऑर्डनेंस फैक्ट्री कर्मचारी की जान चली गई।”

Live Blog

Highlights

    11:12 (IST)20 Nov 2018
    पहले भी हो चुका है हादसा

    रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। वैसे ऐसा पहली बार नहीं है, जब यहां पर धमाका हुआ हो। 2016 में यहां हुए हादसे के दौरान 17 जवानों की जान चली गई थी, जिसमें दो अधिकारी भी शामिल थे। वहीं, तब 19 लोग घायल हुए थे।

    10:54 (IST)20 Nov 2018
    घटना के वक्त 40 लोग थे मौके पर मौजूद

    हादसे के दौरान आसपास में तकरीबन 40 लोग मौजूद थे। हादसे के कारण जानने के लिए समिति का गठन किया जाएगा। उसकी पुख्ता जांच-पड़ताल के आधार पर ही कुछ कहा जा सकेगा।

    10:34 (IST)20 Nov 2018
    4 मृतकों में कौन-कौन, PRO ने बताया

    सेना डिपो में धमाके की घटना पर डिफेंस पीआरओ नागपुर बीबी पांडे ने कहा, "पुलगांव स्थित डिपो में जबलपुर के खमरिया ऑर्डनेंस फैक्ट्री के कर्मचारी पुराने विस्फोटकों को नष्ट कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूरों व एक ऑर्डनेंस फैक्ट्री कर्मचारी की जान चली गई।"

    10:23 (IST)20 Nov 2018
    वर्धा से 18 Km दूर है सेना डिपो

    मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सेना का यह डिपो वर्धा से तकरीबन 18 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। चश्मदीदों ने इस बारे में स्थानीय मीडिया को बताया कि इस हादसे के पीछे कहीं न कहीं स्थानीय प्रशासन की चूक नजर आ रही है।

    09:59 (IST)20 Nov 2018
    घायलों के इलाज पर जोर

    आनन-फानन में सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि, पूरा जोर इस वक्त जख्मी हुए लोगों के इलाज पर दिया जा रहा है।

    09:40 (IST)20 Nov 2018
    पुलिस ने घटना के पीछे बताई यह वजह

    हादसे के कुछ देर बाद सेना डिपो के मुख्य द्वार के बाहर जुटी भीड़। पुलिस के हवाले से दावा किया जा रहा है कि यह हादसा डिपो में रखे खराब हो चुके विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान हुआ।

    09:23 (IST)20 Nov 2018
    हादसे में 2 की मौतः ANI

    घटना के कुछ ही क्षणों बाद धमाके से संबंधित रिपोर्ट्स आने लगीं, जिनमें कई लोग मारे गए। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, खबर लिखे जाने तक दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि कुछ टीवी न्यूज रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कुल चार लोगों की जान विस्फोट के कारण गई।