Maharashtra Election: महाराष्ट्र की वर्ली विधानसभा सीट पर अब मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। शिवसेना ने इस सीट पर आदित्य ठाकरे के खिलाफ राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा को मैदान में उतारने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना आदित्य ठाकरे के खिलाफ प्रत्याशी तय करने में जुटी हुई है और पार्टी ने कल कई नामों पर चर्चा की है।
मिलिंद देवड़ा इस समय राज्यसभा सदस्य हैं और मुंबई साउथ से तीन बार सांसद रह चुके हैं। देवड़ा को लोकसभा चुनाव के दौरान वर्ली को संभालने का काम सौंपा गया था। आदित्य का निर्वाचन क्षेत्र होने के बावजूद वर्ली विधानसभा में यूबीटी को मात्र 6500 वोटों की लीड मिली। देवड़ा और आदित्य ठाकरे को मनसे के संदीप देशपांडे का भी सामना करना पड़ेगा।
गुरुवार को शिवसेना (UBT) गुट के नेता आदित्य ठाकरे ने वर्ली विधानसभा क्षेत्र से अपना नॉमिनेशन फाइल किया। उन्होंने नामांकन दाखिल करने से पहले एएनआई को बताया कि उन्हें पूरा भरोसा है कि लोग उन्हें आशीर्वाद देंगे। हम महाराष्ट्र में सरकार बनाने वाले हैं और यह पक्का है। जैसा कि आप देख सकते हैं, यह माहौल बहुत अच्छा है, आप देख सकते हैं कि लोग मुझे कितना प्यार दे रहे हैं और इसी के साथ मैं अपना नामांकन दाखिल करूंगा।
MVA में पवार की पावर! 100 सीटों में कांग्रेस और उद्धव गुट को समेटा, महाराष्ट्र में बदलते समीकरण
पिछले चुनावों में क्या रहा नतीजा
पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो आदित्य ठाकरे वर्ली विधानसभा सीट से 2019 में चुनाव लड़े और 67,427 वोटों से जीत भी हासिल की। तब महाराष्ट्र में शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के बीच में अलायंस था। उन्होंने एनसीपी के प्रत्याशी सुरेश माणे को करारी शिकस्त दी थी। पिछले इलेक्शन में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भी आदित्य के खिलाफ प्रत्याशी नहीं उतारा था। जीत के बाद आदित्य अपने पिता उद्धव ठाकरे के मंत्रिमंडल में शामिल हुए। 2019 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 105 सीटें, शिवसेना ने 56 और कांग्रेस ने 44 सीटें जीतीं।
बता दें कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी महा विकास अघाड़ी दोनों ने राज्य में 288 विधानसभा सीटों के लिए आगामी चुनावों के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे और सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
