Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा का चुनाव होना है लेकिन राज्य में सबसे पसंदीदा सीएम फेस को लेकर अब एक और सर्वे आ गया है। हफ्ते भर पहले जहां एक टीवी चैनल के सर्वे का हवाला देते हुए शिवसेना ने अपने नेता एकनाथ शिंदे को राज्य में सीएम पद का सबसे पसंदीदा उम्मीदवार बताया था तो नए सर्वे में वो काफी पीछे नजर आ रहे हैं।

नए सर्वे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) को राज्य में सीएम पद के लिए सबसे ज्यादा पसंदीदा चेहरा बताया गया है। न्यूज एरिना इंडिया द्वारा किए गए इस सर्वे में देवेंद्र फडणवीस के बाद अशोक चव्हाण और एनसीपी नेता अजीत पवार का नंबर आता है। सर्वे में जहां 35 फीसदी वोट देवेंद फडणवीस को मिले हैं तो वहीं 21-21 फीसदी वोट अशोक चव्हाण और अजीत पवार को हासिल हुए हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra CM Eknath Shinde) को इस सर्वे में चौथा स्थान मिला है। उन्हें 12 फीसदी लोगों ने सीएम पद के लिए अपनी पसंद बताया है। एकनाथ शिंदे के बाद नंबर आता है उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) का जिन्हें 9 फीसदी वोट मिले हैं। उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे से पहले महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) का नेतृत्व किया था।

बीजेपी बन सकती है सबसे बड़ी पार्टी

न्यूज एरिना इंडिया के सर्वे के अनुसार, राज्य में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी (BJP Largest Party in Maharashtra) बनकर उभर सकती है। बीजेपी को महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से 125 से 129 सीटों पर सफलता मिलने की संभावना है जबकि उसकी सहयोगी एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना (Eknath Shinde’s Shiv Sena) को महज 25 सीटें मिलने का अनुमान है।

सर्वे में कांग्रेस पार्टी की सीटें बढ़ते दिखाई दे रही हैं। राज्य में कांग्रेस को 50 से 53 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि एनसीपी को 55 से 56 और उद्धव गुट को 17 से 19 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। सर्वे में दावा किया गया है कि राज्य में छोटे दलों और निर्दलियों को करीब 12 सीटें हासिल हो सकती हैं और अगर MVA में शामिल दल बिना गठबंधन किए लड़ते हैं तो कांग्रेस 28 सीटों पर सिमट सकती है।