महाराष्ट्र के पालघर में बीते दिनों दो साधुओं समेत कुल तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर देने के आरोपी एक व्यक्ति में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। न्यूज एंकर अंजना ओम कश्यप ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। कश्यप ने ट्वीट में लिखा है कि ‘मुंबई के पालघर मॉब लिंचिंग केस का एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे वाड़ा पुलिस थाने में रखा गया था। यहां 43 लोग उसके संपर्क में आए थे। सभी 43 लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है।’
बता दें कि क्वारंटीन किए गए लोगों में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, लॉकअप में साथ रहने वाले अन्य आरोपी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी का इलाज स्थानीय अस्पताल में हो रहा है। फिलहाल आरोपी की हालत स्थिर बनी हुई है।
वहीं इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने खुश होते हुए लिखा कि न्याय यही होता है। वहीं एक यूजर ने लिखा है कि ‘ऊपर वाले की लाठी में आवाज नहीं होती।’ वहीं एक यूजर ने ग्रामीणों का बचाव करते हुए लिखा है कि ‘हर भगवाधारी सनातनी नहीं होता, यह बात भोले-भाले ग्रामीण समझ नहीं पाते!’
मुंबई के पालघर मॉब लिंचिंग केस का एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे वाड़ा पुलिस थाने में रखा गया था। यहां 43 लोग उसके संपर्क में आए थे। सभी 43 लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है।
— Anjana Om Kashyap (@anjanaomkashyap) May 2, 2020
पालघर लिंचिंग मामले में पुलिस ने कुल 115 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार आरोपी फिलहाल सीआईडी की हिरासत में हैं। हिरासत में लिए गए लोगों में 9 नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बीती 16-17 अप्रैल की रात पालघर के एक गांव में लोगों की भीड़ ने चोरी के शक में दो साधुओं समेत 3 लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। यह घटना उस समय हुई, जब साधू महाराष्ट्र से गाड़ी द्वारा गुजरात जा रहे थे। जब लिंचिंग की यह घटना हुई, उस वक्त वहां पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। इस मुद्दे पर काफी हंगामा हुआ था और उद्धव सरकार को आलोचना का शिकार होना पड़ा था।