भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह के हेलिकॉप्टर की शनिवार को आपात लैंडिंग करवाई गई। शाह एक चुनावी सभा को संबोधित करने जा रहे थे। बारिश और खराब मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर की नासिक में लैंडिंग करवाई गई। राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से बारिश हो रही है।
एक अधिकारी ने बताया ‘बारिश की वजह से शाह के हेलिकॉप्टर की नासिक के ओझर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करवाई गई। वह 21 अक्टूबर को होने वाले चुनाव से पहले चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रैली करने जा रहे थे। वह अहमदनगर जिले के अकोले की तरफ जा रहे थे जहां पर शाह को रैली को संबोधित करना था।’
अधिकारी ने आगे बताया ‘पायलट ने खराब मौसम को देखते हुए दोपहर करीब 2 बजकर 25 मिनट पर ओझर एयरपोर्ट पर हेलिकॉप्टर को उतारने का फैसला किया। 40 मिनट रुकने के बाद, हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 3:08 बजे अहमदनगर के लिए उड़ान भरी।’
बता दें कि शाह ने इससे पहले उत्तर महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के नवापुर में एक रैली को संबोधित किया था वहीं नंदुरबार में रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने विशाल जनादेश से दूसरी बार सत्ता में आने के बाद पहला काम आर्टिकल 370 को खत्म करने का किया है। यह आर्टिकल जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देता था।
बता दें कि राज्य में 21 अक्टूबर को मतदान किया जाएगा। शाह बीजेपी को एकबार फिर सत्ता दिलाने के लिए जोरदार प्रचार कर रहे हैं। वह राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कई चुनावी रैलियां कर चुके हैं। बीजेपी-शिवसेना राज्य में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं एनसीपी-कांग्रेस का गठबंधन बीजेपी-शिवसेना को चुनौती पेश कर रहा है। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी तो वहीं एनसीपी की तरफ से खुद पार्टी अध्यक्ष शरद पवार प्रचार कर रहे हैं।
