Maharashtra Election Survey: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को सभी 288 सीटों पर मतदान होगा। इसके बाद 23 नवंबर को झारखंड और अन्य उपचुनावों के साथ महाराष्ट्र में भी नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में महा विकास अघाड़ी और महायुति के बीच मुकाबला है। अब एक सर्वे सामने आया है। जिसमें दावा किया गया है कि महाराष्ट्र में महायुति सरकार की वापसी हो सकती है।
राज्य विधानसभा चुनावों से पहले किए गए मैटराइज सर्वे के अनुसार, राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती नजर आ रही है।
सर्वे में अनुमान जताया गया है कि महायुति को 145 से 165 सीटें मिल सकती हैं, जबकि विपक्षी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) को 106 से 126 सीटों तक ही सिमटने की संभावना है।
भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 47 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को 41 प्रतिशत वोट शेयर मिलने की संभावना है। सर्वे के मुताबिक, भाजपा को पश्चिमी महाराष्ट्र, विदर्भ और ठाणे-कोंकण क्षेत्रों में भारी जनसमर्थन मिल रहा है, जहां उसे क्रमशः 48%, 48% और 52% वोट मिलने की संभावना है।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए एकनाथ शिंदे सबसे पसंदीदा चेहरा बने हुए हैं। एक सर्वे में 40% लोगों ने शिंदे को सीएम के रूप में समर्थन दिया है, जबकि उद्धव ठाकरे को 21% और देवेंद्र फडणवीस को 19% लोगों ने पसंदीदा सीएम चेहरे के रूप में चुना। महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन को अधिकतर क्षेत्रों में भारी समर्थन मिल रहा है।