Maharashtra Vidhan Sabha Chunav Exit Poll Results 2024: महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार यानी 20 नवंबर को वोटिंग पूरी हो चुकी है। 23 नवंबर को यह फाइनल हो जाएगा कि महाविकास अघाड़ी या महायुति दोनों गठबंधन में से कौन राज्य की सत्ता संभालेगा। हालांकि, इससे पहले अलग-अलग एजेंसियों ने एग्जिट पोल के आंकड़े भी जारी कर दिए हैं। चुनाव परिणाम से पहले जारी कई एग्जिट पोल्स में महायुति गठबंधन की वापसी की भविष्यवाणी की गई है।
महाराष्ट्र में पोल्स ऑफ पोल्स यह हैं कि राज्य में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी अलायंस यानी महायुति की सरकार बनती हुई नजर आ रही है। महायुति अलायंस को 288 विधानसभा सीटों में से 146 सीटें मिल रही हैं। वहीं कांग्रेस अलायंस यानी महाविकास अघाड़ी को 130 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। बाकियों के हिस्से में 12 सीटें आ सकती हैं।
एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाला गुट काफी मजबूत नजर आ रहा है। ऐसे में अगर चाचा-भतीजे एक साथ आ जाएं तो वह बहुत ही बड़ी ताकत बनकर उभर सकते हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चाचा-भतीजा एक साथ आ जाएंगे। अगर यह एग्जिट पोल वास्तविक नतीजों में तब्दील होते हैं तो महाराष्ट्र की सियासत फिर से काफी उथल-पुथल भरी होने वाली है। हालांकि, अब तक की आलोचना और हालात को देखते हुए चाचा-भतीजे के दोबारा एक होने के आसार दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही हैं।
क्या भविष्यवाणी कर रहे MATRIZE एग्जिट पोल के नतीजे?
MATRIZE एग्जिट पोल की भविष्यवाणी की विस्तार से बात की जाए तो महायुति अलायंस को करीब 150 से 170 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी को 110 से 130 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। साथ ही अन्य को महज 7 से 8 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी को महायुति अलांयस में 89 से 101 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी को 37 से 45 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी को 17 से 26 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
विपक्षी खेमे महाविकास अघाड़ी को 39 से 47 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है। साथ ही उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 21 से 29 सीटों पर और शरद पवार की एनसीपी-एसपी को 35 से 43 सीटों पर जीत मिलने की भविष्यवाणी एग्जिट पोल में की गई है।
Chanakya Strategies एग्जिट पोल क्या कर रहे भविष्यवाणी?
Chanakya Strategies साफ तौर पर महायुति अलायंस को ही बहुमत दे रहा है। इसमें महायुति को 152 से 160 सीटें दी गई हैं। वहीं महाविकास अघाड़ी को 130 से 138 सीटें दी गई हैं। बाकियों को केवल 6 से 8 सीटें मिलने की ही भविष्यवाणी की गई है। अब पार्टियों के हिसाब से बात की जाए तो महायुति में भारतीय जनता पार्टी की सीटें 90 से पार रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 48 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं और अजित पवार की एनसीपी को 22 से ज्यााद सीटें मिलने की संभावना है।
वहीं विपक्षी खेमे की बात करें तो महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस पार्टी को 63 से ज्यादा सीटें मिलती हुईं नजर आ रही हैं। वहीं उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 35 प्लस सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। साथ ही शरद पवार की पार्टी को 40 से ज्यादा सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। बाकी दलों को केवल 6 से 8 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।