दादरी घटना के बाद गोमांस पर शुरू हुए विवाद के बीच महाराष्ट्र से खबर आई है कि वहां लगभग 100 लोगों की भीड़ ने एक वैन में इसलिए आग लगा दी क्योंकि उसमें बीफ (गोमांस) था। आरंभिक जांच के बाद पुलिस ने इस बात की जानकारी देते हुए इसकी पुष्टि की और कहा कि गाड़ी में लगभग 100 किलोग्राम मांस था। ग़ौरतलब है कि महाराष्ट्र में गोमांस या फिर गोकशी पर प्रतिबंध है।

पुलिस के मुताबिक रविवार को अहमदनगर से औरंगाबाद जा रही वैन को कुछ लोगों ने सावखेड़ा गांव (औरंगाबाद के नज़दीक) में रोक लिया। उऩकी ड्राइवर से बहस हुई जिसके बाद लोगों ने वैन में आग लगा दी। हालांकि ड्राइवर को कोई हानि नहीं पहुंची।

दादरी में मांस की दुकानें बंद:

दादरी क बिसहड़ा गांव में गोमांस खाने की अफवाह से हुई अखलाक की हत्या आसपास की मांस की दुकानें बंद कर दी गई हैं। दिलचस्प तो यह है कि स्थानीय प्रशासन ने इस तरह के कोई आदेश जारी नहीं किए, फिर भी दुकानें बंद हैं। वहीं कुछ होटलों ने अपने खाने के मेन्यू से मांस जैसे खाद्य पदार्थों को हटा दिया है।