महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर मंगलवार (दो अक्टूबर) को संयुक्त प्रगतिशील संगठन (यूपीए) की अध्यक्ष सोनिया गांधी, बेटे और कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत उनकी पार्टी के कई दिग्गज नेता महाराष्ट्र के वर्धा स्थित गांधी आश्रम बापू कुटि (सेवाग्राम) पहुंचे। सोनिया और राहुल ने दोपहर में यहां पर खाना खाया और उसके बाद अपनी-अपनी प्लेटें खुद साफ कीं। आपको बता दें कि सेवाग्राम से बापू का जुड़ाव इसलिए है, क्योंकि जीवन के आखिरी 12 सालों में अधिकतर समय उन्होंने यहीं पर गुजारा था।
कांग्रेस के इन बड़े नेताओं को सबके सामने प्लेटें धोते देख कई लोग हैरान रह गए। उस दौरान लोगों ने सोनिया-राहुल का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया के जरिए सामने आई हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। वीडियो में सोनिया और राहुल भी किसी सामान्य व्यक्ति की तरह प्लेट लेकर बर्तन धोने वाली जगह पर कतार में खड़े होकर उसे साफ कर रहे थे।
#WATCH: Sonia Gandhi and Rahul Gandhi wash their plates after lunch in Sevagram (Bapu Kuti) in Wardha. #Maharashtra pic.twitter.com/hzC3AGe7kj
— ANI (@ANI) October 2, 2018
कांग्रेस सेवा दल ने घटना से जुड़ा वीडियो साझा किया है। देखिए उस दौरान और कौन-कौन था राहुल के साथ-
बापू कुटीर कैंटीन में खाना खाने के बाद बर्तन धोते हुए कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी । pic.twitter.com/MoGU72nejD
— Congress Sevadal (@CongressSevadal) October 2, 2018
कांग्रेस की ओर से इससे पहले पैदल मार्च भी निकाला गया था। कांग्रेस अध्यक्ष के साथ उसमें दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिधिंया समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया था। वर्धा में इसके अलावा कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक भी हुई। गांधी जयंती से जुड़े एक कार्यक्रम में शरीक होने के बाद तीनों नेताओं ने वहां के आश्रम में बेल का पौधा भी लगाया।
गौरतलब है कि मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष से पहले उनकी दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी, मां सोनिया और चाची मेनका गांधी भी सेवाग्राम आश्रम आ चुके हैं। पूर्व में उन सभी ने यहां बेल के पौधे लगाए थे, जिन्हें राहुल ने अपने ताजा दौरे के दौरान पानी दिया। उनके दौरे के मद्देनजर आश्रम के आसपास भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया है।