महाराष्ट्र में हुए विधानसभा उपचुनाव में मुंबई उपनगर की बांद्रा (पूर्व) सीट पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे अपनी प्रतिद्वन्द्वी शिवसेना प्रत्याशी से तृप्ति सावंत से 19,000 से अधिक मतों से हार गए हैं।

तृप्ति सावंत ने पूरी मतगणना के दौरान राणे पर आसान बढ़त बनाई हुई थी।


सांगली जिले में तासगांव कवठे-महांकाल विधानसभा सीट पर उपचुनावों में राकांपा की उम्मीदवार सुमन पाटिल ने 1.12 लाख वोटों से जीत दर्ज की है। सुमन राकांपा के दिवंगत वरिष्ठ नेता आर आर पाटिल की पत्नी हैं।

शिवसेना की उम्मीदवार तृप्ति सावंत पूर्व दिवंगत विधायक बाला सावंत की पत्नी हैं और बाला सावंत के निधन के कारण बांद्रा (पूर्व) में उपचुनाव करवाने पड़े। मतगणना के तीसरे दौर तक सावंत को 45,123 वोट मिले जबकि राणे के खाते में 28,433 वोट एवं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलीमीन के उम्मीदवार रहबर खान को 10,571 वोट मिले थे। इस उल्लेखनीय बढ़त के साथ ही सावंत की जीत सुनिश्चित हो गई थी।

मुंबई उपनगर में बांद्रा (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे का आवास ‘मातोश्री’ है।

बांद्रा (पूर्व) सीट का उपचुनाव राणे के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा था जो पिछले साल तटीय कोंकण में अपने गृह जिले सिंधुदुर्ग से राज्य विधानसभा का चुनाव हार गए थे।

बांद्रा (पूर्व) सीट पर 10 प्रत्याशियों और तासगांव कवठे-महांकाल विधानसभा सीट पर नौ प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई।
महाराष्ट्र की इन दो सीटों पर मतदान 11 अप्रैल को हुआ था।

For Updates Check Hindi News; follow us on Facebook and Twitter

(इनपुट भाषा से)