मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार आज यानी सोमवार को होगा। सीएम मोहन यादव ने इसकी जानकारी दी है। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। दोपहर 3.30 बजे आयोजित होने वाले शपथग्रहण समारोह में 21 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इनमें सांसद से विधायक बने नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में कोई कोटा सिस्टम नहीं होगा। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संसदीय क्षेत्रवार प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। कुछ नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
ये विधायक के सकते हैं मंत्री पद की शपथ
मंत्री पद की लिस्ट में प्रह्लाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, प्रद्युम्न सिंह तोमर, तुलसी सिलावट, प्रदीप लारिया, एदल सिंह कंसाना, चेतन कश्यप, राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक, भूपेंद्र सिंह, गोविंद राजपूत, अर्चना चिटनिस, ओम प्रकाश धुर्वे, नारायण कुशवाहा, कुंवर सिंह टेकाम, विष्णु खत्री कृष्णा गौर, नागर सिंह चौहान, निर्मला भूरिया, और रामेश्वर शर्मा शामिल हैं।
बीजेपी को मिली थी रिकॉर्ड जीत
बता दें कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को रिकॉर्ड जीत मिली थी। कुल 230 सीटों में से 163 सीटें बीजेपी के खाते में गई। कांग्रेस को सिर्फ 66 सीटें ही मिली। चुनाव के बाद लंबी चर्चा के बाद मुख्यमंत्री के तौर मोहन यादव का नाम सामने आया। मोहन यादव को संघ का काफी करीबी माना जाता है। उन्होंने 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके अलावा जगदीश देबड़ा और राजेन्द्र शुक्ला को उप मुख्यमंत्री बनाया गया। मध्य प्रदेश में 35 मंत्री ही कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं।