पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद तमाम एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं। हिंदी भाषी चुनाव वाले तीन  राज्यों में राजस्थान को छोड़कर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर देखी जा रही है। राजस्थान में जहां सभी न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल में कांग्रेस को बाजी मारते हुए दिखाया गया है, वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। इस बीच न्यूज18 इंडिया ने खूफिया कैमरे के जरिए लोगों का मन टोटलने की कोशिश की है। कैमरे के रिकॉर्डिंग से अनजान जनता अपनी बात खुलकर कह रही है। खूफिया कैमरे से मिली जानकारी के आधार मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर तो देखी जा रही है। लेकिन, यहां पलड़ा कांग्रेस का ही भारी है।

मध्य प्रदेश में अधिकांश जनता परिवर्तन की बात कहती हुई नज़र आ रही है। कहीं पर लोग प्रत्याशियों को लेकर ज्यादा जागरूक हैं, तो वहीं काफी लोग ऐसे भी हैं जो शिवराज सरकार के कामों से खुद को संतुष्ट बता रहे हैं। मगर, खूफिया कैमरे पर ज्यादा से ज्यादा लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। कांग्रेस के पक्ष में महिलाओं का भी रुझान काफी ज्यादा दिखाई दिया।

Election 2018 Exit Poll LIVE Updates:

वहीं, छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस का प्रभाव लोगों पर दिखा। खूफिया कैमरे में लोग यहां भी कांटे की टक्कर होने की बात तो कह रहे थे, लेकिन साथ ही कांग्रेस को बाजी मारने की भविष्यवाणी भी करते दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि शहरों की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस की जबरदस्त लहर है। कांग्रेस की लोन माफी और धान की खरीद मूल्य बढ़ाने जैसे वादे काफी प्रभावी साबित हुए हैं। गांव में किसान अपना धान नहीं बेच रहे हैं। उन्हें लगता है कि अगर कांग्रेस की सरकार आई तो उन्हें धान के अधिक मूल्य मिलेंगे। वहीं, शहरों में मिली-जुली प्रतिक्रिया कैमरे पर दिखाई दी। हालांकि, राजनांदगांव में जहां से मुख्यमंत्री रमन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, वहां पर उनकी एकतरफा लहर देखी जा रही है।