Chandrayaan 3 Mission LVM3-M4: पूरे देश की निगाहें आज चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर टिकी हुई हैं। सतीश धवन स्पेस सेंटर से चंद्रयान-3 दोपहर 2.35 बजे उड़ान भरेगा। देशभर में इस मिशन की कामयाबी की प्रार्थना की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इसरो के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दी हैं। चंद्रयान-3 को बनाने में 615 करोड़ का खर्च आया है। यह मिशन 45 से 50 दिनों में चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। इस मिशन की सबसे खास बात यह है कि इस मिशन की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की बेटी रॉकेट वीमेन के नाम से प्रसिद्ध ऋतु करिधाल कर रही हैं।

कौन हैं रॉकेट वीमेन?

रॉकेट वीमेन के नाम से चर्चित ऋतु करिधाल मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली हैं। ऋतु करिधाल को चंद्रयान-3 का मिशन डायरेक्टर बनाया गया है। इससे पहले ऋतु करिधाल चंद्रयान-2 मिशन की भी डायरेक्टर रह चुकी हैं।

यह मिशन अपने आखिरी पड़ाव में आकर तकनीकी खामियों की वजह से आंशिक रूप से असफल हो गया था। बता दें कि ऋतु करिधाल मंगलयान मिशन में डिप्टी डायरेक्टर रह चुकी है और इस मिशन को उन्होंने सफलतापूर्वक पूर्ण किया था।

कहां से की पढ़ाई?

ऋतु करिधाल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई नवयुग कन्या महाविद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने फिजिक्स में ग्रेजुएशन की डिग्री लखनऊ यूनिवर्सिटी से प्राप्त की। यहीं से उन्होंने भौतिक विज्ञान में एमएससी की डिग्री हासिल की। आगे की पढ़ाई के लिए ऋतु करिधाल बेंगलुरू चली गईं। भारतीय विज्ञान संस्था से एयरोस्पेस में स्पेशलाइजेशन करने के बाद 1997 में इसरो के साथ जुड़ीं। ऋतु करिधाल को 2007 में यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।