लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे। 1 जून को लोकसभा चुनाव से जुड़े एग्जिट पोल सामने आए थे, जिसमें एनडीए को भारी जीत का अनुमान लगाया गया है। इस बीच कांग्रेस के लिए बुरी खबर आई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
गिर सकता है राहुल गांधी का वोट शेयर
मनोरमा न्यूज-वीएमआर एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार राहुल गांधी वायनाड लोकसभा सीट से जीत तो हासिल कर लेंगे लेकिन उनका वोट शेयर तेजी से गिर रहा है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक राहुल गांधी का वोट प्रतिशत पिछले चुनाव के मुकाबले 14 फीसदी तक गिर सकता है। जबकि एलडीएफ उम्मीदवार के वोट शेयर में इजाफा हो सकता है।
हालांकि राहुल गांधी के लिए राहत की बात यह है कि सभी एग्जिट पोल वायनाड से उन्हें जिता रहे हैं। इसके अलावा रायबरेली लोकसभा सीट से भी राहुल गांधी एग्जिट पोल्स के अनुसार जीत रहे हैं। रायबरेली से 2019 में सोनिया गांधी चुनी गई थी लेकिन अबकी बार वह चुनाव नहीं लड़ रही हैं। सोनिया गांधी अब राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं।
इस एग्जिट पोल के अनुसार वायनाड के मतदाताओं को लगता है कि अगर राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की सीट से जीत गए तो वह वायनाड छोड़ देंगे। 2019 में भी राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की अमेठी और केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ा था। अमेठी से उन्हें स्मृति ईरानी ने हरा दिया था।
जानें क्या कहते हैं एग्जिट पोल के आंकड़ें
एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक देश में एनडीए सरकार की बड़े बहुमत के साथ वापसी हो रही है। एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक एनडीए को 361 से 401 सीट मिल सकती है। जबकि इंडिया गठबंधन को 131 से 166 सीट और अन्य के खाते में 8 से 20 सीटें जा सकती हैं। इसी तरह टुडेज चाणक्य ने एनडीए गठबंधन को 385 से 415 सीट मिलने का अनुमान लगाया है। जबकि इंडिया गठबंधन को 96 से 118 सीटें मिलने की अनुमान लगाया है।