पश्चिम बंगाल से कांग्रेस के लिए बुरी खबर आ रही है। टीएमसी के साथ गठबंधन की जो अटकलें लग रही थीं, उस बीच ममता की पार्टी ने ऐसा बयान दिया है कि उन तमाम उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने दो टूक कहा है कि कांग्रेस के साथ गठबंधन पर कोई बात नहीं हुई है और पार्टी अभी भी सभी 42 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है।
पहले ऐसी खबरें चली थीं कि सीएम ममता बनर्जी का रुख नरम पड़ गया है, वे कांग्रेस को चार सीटें देने को तैयार दिख रही थीं। उन अटकलों की वजह से ही माना गया कि इंडिया गठबंधन फिर पटरी पर लौट रहा है। लेकिन अब उन्हीं अटकलों पर टीएमसी नेता ने विराम लगाने का काम कर दिया है। बंगाल की सभी 42 सीटों पर अकेले लड़ने के ऐलान के बाद एक बार फिर कांग्रेस के लिए राज्य में मुश्किलें बढ़ा दी गई हैं।
वैसे बंगाल में डील फाइनल नहीं हो रही, लेकिन दिल्ली को लेकर जरूर स्थिति स्पष्ट होने लगी है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है, वहीं कांग्रेस को तीन सीटें दी जाएंगी। इसके बदले में गुजरात में भी कांग्रेस, आप के लिए एक सीट छोड़ेगी। असम और हरियाणा में भी कुछ सीटें छोड़ने पर सहमति बन रही है। वही पंजाब की बात करें तो वहां पर आपसी सहमति के बाद कांग्रेस और आप अलग-अलग चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश को लेकर तो औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। कांग्रेस को 17 सीटें लड़ने के लिए दे दी गई हैं। इसमें वाराणसी, अमेठी, रायबरेली, गाजियाबाद जैसी सीटें शामिल हैं। इस सीट फाइनल होने की वजह से ही अखिलेश यादव कांग्रेल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी शामिल होने जा रहे हैं।