Lok Sabha Election 2019: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद कलराज मिश्र ने आम चुनाव नहीं लड़ने को लेकर कहा है कि चुनाव लड़ना कोई मापदंड नहीं है। पार्टी के बजाय उन्होंने खुद ही चुनावी मैदान में न उतरने का फैसला किया। उन्होंने इसके साथ यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने प्रदेश में भी ये बात लोगों के बीच जाकर कह सकते हैं।

रविवार (24 मार्च, 2019) को घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया। बकौल मिश्र, “आप मोदी का भाषण खराब कर रहे हैं? शर्म नहीं आती। देशभक्त आदमी है, अरे देश के बारे में सोचिए। मैं तो देवरिया सांसद से था, मैंने कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। हमसे कहा गया कि 75 वर्ष के ऊपर की उम्र वालों पर हम (पार्टी) विचार कर रहे हैं। मेरी उम्र 80 साल से ऊपर हो रही है। हमने कहा कि चुनाव नहीं लड़ना है। चुनाव लड़ना ही मापदंड नहीं है, मित्रों। हमें बड़ा खराब लगा। अगर हमारा प्रदेश होता, तो मैं नीचे उतरकर भी यही बात कहता।”

दरअसल, गुरुवार को उन्होंने बड़ा ऐलान किया था। मीडिया से कहा था कि वह इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। वह मोदी सरकार में पहले मंत्री भी रहे हैं, पर बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, पहले खबरें थीं कि 75 वर्ष से अधिक उम्र के नेताओं को बीजेपी ने अपने चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने पर खुद ही फैसला करने को कहा है। मिश्र मीडिया से बोले थे, ‘मैं इस बार चुनाव नहीं लड़ूंगा। मुझे पार्टी ने और भी कई बड़ी जिम्मेदारियां दे रखी हैं। मैं उन्हें पूरा करने में अपना समय देना चाहता हूं।’

देखें, इस पर कैसा था मिश्र का रिएक्शनः