Weather Today Delhi Rain Monsoon Update: देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के रहते नुकसान की खबरे हैं। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आम लोगों को पानी के भर जाने से परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दिल्ली में यमुना उफान पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात की है और हालात का जायजा लिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी एक बैठक की है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि दिल्ली में, जहां 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, अधिकारियों ने यमुना के बढ़ते जल स्तर पर चेतावनी दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए रेड अलर्ट और अगले 48 घंटों के लिए तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यमुना नदी Warning Level को पार कर गई है। दोपहर एक बजे नदी का जलस्तर 204.63 मीटर रिकार्ड किया गया। दोपहर 1 बजे हथिनीकुंड बैराज से 1,90,837 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया
लगातार भारी बारिश के कारण शहर की स्थिति के मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दोपहर सचिवालय में एक बैठक बुलाई। बैठक में मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संबंधित अधिकारी शामिल होंगे. बैठक में यमुना नदी के स्तर में बढ़ोतरी पर भी चर्चा होगी।
संसद के मानसून सत्र से पहले महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए एनडीए के फ्लोर नेताओं की 19 जुलाई को संसद पुस्तकालय भवन में बैठक होनी है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा।
भारी बारिश को देखते हुए दिल्ली में 11 जुलाई को सभी एमसीडी स्कूल, एमसीडी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूल छात्रों के लिए बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार ने इस संबंध में बयान जारी किया। बता दें कि सोमवार को भी स्कूल बंद थे।
मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन (IMD Scientist Soma Sen) ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में हम 12 सेंटीमीटर तक की बारिश की अपेक्षा कर रहे हैं लेकिन यह इससे अधिक भी हो सकती है।
भारी बारिश और बिगड़ते हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात की है और हालात का जायजा लिया है। स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और और हालात का जायजा लिया है। PMO की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित लोगों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।
पंजाब के रोपड़ जिले में हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। सतलुज नदी सहित सभी जल निकायों में पानी की आवक बहुत ज़्यादा हो गई है। लगातार हो रही बारिश से जिले के कई गांवों में पानी घुस गया है। कई सड़कें टूट गई हैं और पूरा जिला अब बाढ़ की चपेट में आ गया है। पंजाब के मोरिंडा और चमकौर साहिब शहर में भी हर तरफ पानी भर गया है और लगातार बारिश के कारण कई सड़कें टूट गई हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) बाढ़ वाले इलाकों में फंसे लोगों को बचाने के लिए काम कर रहा है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बारिश से बने हालात पर सभी मंत्रियों, अधिकारियों और मेयर के साथ बैठक की।
हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़ और अन्य नुकसान के मद्देनजर भाजपा ने राज्य के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। लोग मदद मांगने के लिए राज्य भाजपा कार्यालय में 01772831893 और 9317221289 पर कॉल कर सकते हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने सभी पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और राज्य भर में बारिश के कारण स्थिति की समीक्षा करने के लिए सिविल सचिवालय में एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, गृह विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, ग्रामीण विकास विभाग उपस्थित रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश में बारिश लगातार जारी है। इस बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। हेल्पलाइन नंबर 1100, 1070 और 1077 जारी किए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के प्रभाव से कुल्लू में लगघाटी खड्ड उफान पर है। कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ आ गई है।
सुबह 8 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर 203.33 मीटर दर्ज किया गया। नदी का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है। हथिनीकुंड बैराज से आज सुबह 8 बजे 2.79 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया।
दिल्ली में लगातार बारिश के बाद सोमवार (10 जुलाई) को मौसम साफ दिखाई दे रहा है। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो अभी भी भारी बारिश की संभावना है। जलभराव के रहते प्रगति मैदान टनल को बंद कर दिया गया है।
दिल्ली में भारी बारिश के रहते सरकार सतर्क है। पुलिस ने यमुना के बढ़ते स्तर के बीच किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया।
एक पुलिस अधिकारी ने यमुना किनारे रहने वाले निवासियों से कहा, "हम यहां आप सभी को यह सूचित करने आए हैं कि भारी बारिश के कारण यमुना का स्तर बढ़ गया है। आप सभी से क्षेत्र खाली करने और सुरक्षित स्थान पर जाने का अनुरोध किया गया है।"
इस बीच, उत्तर भारत में भारी बारिश के बीच दिल्ली सरकार ने रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की, क्योंकि हरियाणा सरकार ने यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा।
राष्ट्रीय राजधानी में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से बात की और अपडेट लिया।
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भारी मानसूनी बारिश के कारण निचले इलाकों में बड़े पैमाने पर जलभराव और बाढ़ आ गई है, जिससे सबसे अधिक प्रभावित स्थानों पर अधिकारियों को कार्रवाई में जुटना पड़ा है।
पंजाब सरकार ने मंत्रियों, उपायुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और लोगों को आवश्यक सहायता देने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने रविवार को घोषणा की कि लगातार बारिश के मद्देनजर चंडीगढ़ में स्कूल भी अगले दो दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन कठुआ ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसडीआरएफ की मदद से 36 से ज़्यादा लोगों को बचाया है। यह लोग अचानक आई बाढ़ के कारण उझ नदी के पास विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए थे।
जम्मू-कश्मीर: मौसम में सुधार होते ही बालटाल आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई। चॉपर सेवा भी फिर से शुरू हो गई है।
देर रात के बचाव अभियान में, एनडीआरएफ की टीम ने राज्य में लगातार बारिश के बाद नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी के कारण मंडी जिले के नगवैन गांव के पास ब्यास नदी में फंसे 6 लोगों को बचाया।