Rajasthan Lok Sabha Election Results 2024: राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटों में से भाजपा 14 सीटों में जीत दर्ज करने में सफल रही जबकि इंडिया गठबंधन ने यहां 11 सीटों पर जीत हासिल की। इंडिया गठबंधन के घटक दलों में शामिल कांग्रेस ने आठ, सीपीआई एम ने एक, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक और भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट पर जीत दर्ज की।

लोकसभा चुनाव परिणाम में कांग्रेस और विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ ने शेखावाटी व पूर्वी राजस्थान सहित कई इलाकों में महत्वपूर्ण सीटें जीतकर दम दिखाया है। माना जा रहा है कि इन सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की जीत से इसके नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। ‘इंडिया’ के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सीकर और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने नागौर सीट जीत ली है। इसी तरह बांसवाड़ा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) विजयी रही है।

एक दशक बाद राज्य में खुला कांग्रेस का खाता

पिछले एक दशक यानी दो आम चुनाव के बाद पहली बार राज्य में कांग्रेस का खाता खुला है। भाजपा ने 2014 में राज्य की सभी 25 संसदीय सीटें जीती थीं जबकि 2019 के आम चुनाव में NDA ने सभी सीटें (24 भाजपा और एक आरएलपी) जीती थीं।

लोकसभा चुनाव परिणाम जब स्पष्ट हुए तो राजस्थान के शेखावाटी इलाके में चूरू और झुंझुनू सीट कांग्रेस के खाते में गई जबकि सीकर सीट ‘इंडिया’ के घटक दल माकपा तथा नागौर सीट आरएलपी ने जीती है। शेखावाटी इलाके की चारों सीटें ‘इंडिया’ गठबंधन को मिली। इसी तरह किसानों के गढ़ माने जाने वाले उत्तरी राजस्थान में कांग्रेस ने गंगानगर सीट जीत ली, हालांकि भाजपा ने बीकानेर पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। यहां से केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल जीत गए लेकिन उनकी जीत का अंतर 55,711 मत ही रहा। वे उत्तरी राजस्थान में जीतने वाले भाजपा के एकमात्र उम्मीदवार हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Result 2024 : Check Here

पूर्वी राजस्थान की बात की जाए तो कांग्रेस ने भरतपुर, दौसा, करौली-धौलपुर और टोंक-सवाई माधोपुर सीट जीती। भाजपा इस इलाके में केवल अलवर सीट ही जीत सकी। दौसा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और विधायक मुरारी लाल मीणा ने 2,37,340 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। भरतपुर में कांग्रेस की युवा उम्मीदवार संजना जाटव 51,983 मत से जीत गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृहनगर होने के कारण भरतपुर कांग्रेस के लिए बड़ी जीत है। भरतपुर की लोकसभा सीट हारना मुख्यमंत्री शर्मा के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

Lok Sabha Election Results 2024: Check Here

पश्चिमी राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत जालौर सीट पर 2,01,543 वोटों से हार गए। गहलोत ने चुनाव प्रचार के दौरान इस सीट पर पूरी ताकत झोंक रखी थी। भारत-पाक सीमा पर स्थित बाड़मेर सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। भाजपा ने जोधपुर सीट भी बरकरार रखी जहां केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जीते। भाजपा ने हाड़ौती क्षेत्र में अपना गढ़ बरकरार रखा जहां पार्टी उम्मीदवार ओम बिरला और दुष्यंत सिंह ने क्रमश: कोटा और झालावाड़-बारां सीटें जीतीं।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह ने इस बार 3,70,989 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। 2019 में दुष्यंत सिंह की जीत का अंतर 4,53,928 वोट था। उन्होंने यह सीट 5वीं बार जीती है। इसी तरह दक्षिणी राजस्थान में, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद लोकसभा सीट वाले मेवाड़ तथा वागड़ क्षेत्र में भाजपा ने तीन सीटों पर कब्जा कायम रखा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने चित्तौड़गढ़ सीट पर तीसरी बार जीत दर्ज की है। भाजपा के नए चेहरे महिमा कुमारी ने राजसमंद सीट जीती।

Live Updates
07:34 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: राजस्थान की इन सीटों पर रहेगी सभी की नजर

राजस्थान की कुछ चर्चित सीटों में चुरू,जोधपुर, बाड़मेर, बांसवाड़ा, कोटा, सीकर, जालौर, नागौर पर सभी की नजरें हैं।

07:17 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: कांग्रेस को हो रहा है फायदा

राजस्थान में बीजेपी ने पिछले चुनाव में बड़ी बढ़त हासिल की थी, लेकिन इस बार कम से कम एग्जिट पोल्स के नतीजों में कांग्रेस पार्टी कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है।

BJP -18 – 23

Congress – 2 – 7

Others – 0

07:16 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल

टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में भी एनडीए को बढ़त का अनुमान लगाया जा रहा है।

BJP – 22

Congress – 02

Others – 01

07:01 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: केंद्रीय मंत्री और राजस्थान के जोधपुर से भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत का बयान

केंद्रीय मंत्री और राजस्थान के जोधपुर से भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव से भाजपा को जिताने सिलसिला जारी रखते हुए सभी कार्यकर्ता इस आखिरी दिन अपनी मेहनत को सफल बनाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं…कार्यकर्ताओं को साफा और शगुन देकर यहां से विदा किया गया है। हम निश्चित रूप से विजयी होंगे…भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

06:51 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: जोधपुर लोकसभा पर कौन मारेगा बाजी, मतगणना थोड़ी देर में होगी शुरू

जोधपुर लोकसभा सीट पश्चिमी राजस्थान की एक महत्वपूर्ण सीट है, जहां से फिलहाल केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सांसद हैं। यहां मतगणना कुछ देर में शुरू होने वाली है। गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने कांग्रेस ने करण सिंह उचियारड़ा को प्रत्याशी बनाया था। यहां दिलचस्प मुकाबला देखा गया। जोधपुर पश्चिमी राजस्थान की खास सीट मानी जाती है।

06:50 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: अलवर लोकसभा में कौन मारेगा बाजी? मतगणना थोड़ी देर में शुरू

 राजस्थान की अलवर लोकसभा एक महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। यह सीट यादव बाहुल्य है जहां लगातार यादव उम्मीदवार जीतते आए हैं। मतगणना कुछ ही देर में शुरू होने वाली है। बीजेपी की ओर से इस सीट से केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव तो कांग्रेस की ओर से ललित यादव मैदान में थे वहीं बसपा ने फजल हुसैन को अपना उम्मीदवार बनाया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सीट से कौन बाजी मारता है।

06:49 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: कोटा में अपनी सीट बचा पाएंगे ओम बिरला? थोड़ी देर में मतगणना शुरू

कोटा लोकसभा सीट की मतगणना कुछ ही देर में शुरू हो रही है। इस सीट से बीजेपी की ओर से ओम बिरला मैदान में थे वहीं उनके सामने कांग्रेस ने प्रहलाद गुंजल को उतारा था।

06:41 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: जयपुर में बीजेपी दफ्तर का नजारा

https://platform.twitter.com/widgets.js
06:26 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: राजस्थान की चुरू लोकसभा थोड़ी देर में आएगा पहला रूझान

राजस्थान की चुरू लोकसभा पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच रोचक चुनाव हुआ था। मतगणना कुछ देर में शुरू होने वाली है। बीजेपी की ओर से यहां से  देवेन्द्र झाझड़िया उम्मीदवार थे वहीं कांग्रेस ने मौजूदा सांसद रहे राहुल कस्वा को उम्मीदवार बनाया था। वह बीजेपी से टिकट कटने के बाद नाराजगी के रहते कांग्रेस में गए थे। 

06:25 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: राजस्थान की जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत के सामने लुम्बाराम चौधरी

राजस्थान की जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत का मुकाबला लुम्बाराम चौधरी से था। यहां मतगणना जल्द ही शुरू होने वाली है। जालौर में आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं जिनमें आहोर, जालोर (एससी), भीनमाल, सांचौर, रानीवाड़ा, सिरोही, पिंडवाड़ा-अबू (एसटी), और रेवदार (एससी) विधानसभा आती है। 

06:23 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: नागौर लोकसभा पर किसे मिलेगी बढ़त?

राजस्थान की नागौर लोकसभा पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा था। जहां बीजेपी की ओर से ज्योति मिर्धा मैदान में थी तो उनका सामने इंडिया गठबंधन से आरएलपी के उम्मीदवार मौजूदा सांसद हनुमान बेनीवाल कर रहे थे। इस सीट पर मतगणना थोड़ी देर में शुरू होने वाली है।

05:55 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: बीकनेर लोकसभा पर कौन मारेगा बाजी? थोड़ी देर में मतगणना शुरू

राजस्थान की बीकनेर लोकसभा सीट पर सभी की नजर | राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट से फिलहाल केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एक बार फिर बीजेपी की ओर से मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस की ओर से गोविंद राम मेघवाल हैं।

पढ़ें : https://www.jansatta.com/elections/lok-sabha-election-result-2024-bikaner-constituency-bjp-arjun-ram-meghwal-congress-govind-ram-meghwal/3385944/

05:47 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: विजय जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा

एडीजी ने बताया कि परिणाम जारी होने के बाद किसी प्रकार का विजय जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। काउंटिंग हो जाने और उसका रिजल्ट डिक्लेयर हो जाने के बाद कैंडिडेट को पूर्ण सुरक्षा के साथ उनके ऑफिस या घर पर ले जाया जाएगा और साथ में अन्य किसी को भी सुरक्षा की जरूरत है तो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

05:45 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था विशाल बंसल का बयान

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था विशाल बंसल ने बताया कि मंगलवार को राजस्थान में सभी 25 लोकसभा चुनाव क्षेत्र में काउंटिंग का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों चाहे वहां काउंटिंग होनी हो या नहीं, पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया है। जिस जिले में काउंटिंग हो रही है उसे जिले में आरएसी एवं अन्य पुलिस बल को अतिरिक्त रूप में लगाया है।

05:44 (IST) 4 Jun 2024
Lok Sabha Elections Rajasthan Live Results: मतगणना को लेकर प्रदेश में सुरक्षा की होगी त्रिस्तरीय व्यवस्था

लोकसभा चुनाव के मतगणना के दौरान लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। प्रदेश के सभी लोकसभा चुनाव क्षेत्र में करीब 75 हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय घेरे में रहेगी।