दिल्ली की सभी छह जिला अदालतों में बीते चार नवंबर से चली आ रही वकीलों की हड़ताल शुक्रवार को खत्म हो गई। वकीलों का प्रतिनिधित्व करने वाले एक संगठन ने यह जानकारी दी। तीस हजारी अदालत में वकीलों और पुलिस के बीच दो नवंबर को पार्किंग को लेकर हुई झड़प के बाद जिला अदालतों में वकील हड़ताल पर चले गए थे। इस झड़प में कम से कम 20 पुलिसकर्मी और कुछ वकील घायल हो गए थे।

ऑल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट्स बार एसोसिएशन की समन्वय समिति ने कहा कि शनिवार से वकील जिला अदालतों में काम पर लौटेंगे। बार असोसिएशन ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा दो पुलिस र्किमयों को शुक्रवार को राहत दिये जाने के मद्देनजर बार के सदस्यों की राय जानने के बाद आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।

उच्च न्यायालय ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि झड़प के सिलसिले में जिन पुलिस अधिकारियों पर मामला दर्ज किया है उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कदम न उठाया जाएं। उसने मामले की सुनवाई 23 दिसंबर तक स्थगित कर दी।

संगठन के अध्यक्ष महावीर शर्मा ने कहा, ‘‘आम बैठक में बार के सदस्यों की राय ली गई और एक मत से यह कहा गया कि उच्च न्यायालय के आदेश के मद्देनजर फिलहाल काम से गैरहाजिरी को जारी नहीं रखा जाएगा। हड़ताल को फिलहाल स्थगित किया जाता है। शनिवार से काम बहाल होगा। दूसरे तरीकों से हमारा विरोध प्रभावी तरीके से जारी रहेगा।’’ असोसिएशन ने कहा, ‘‘वकील संरक्षण अधिनियम के लिये हमारी लड़ाई जारी रहेगी।’’