बीजेपी के सदस्यता अभियान का आगाज हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान अपील की और कहा कि हर कार्यकर्ता का प्रयास होना चाहिए कि ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में लोग बीजेपी से जुड़ें। PM मोदी ने कहा, “आज सदस्यता अभियान का एक और दौर प्रारंभ हो रहा है। भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है।”

बीजेपी के संविधान के अनुसार हर 5 साल बाद सदस्यता अभियान चलाया जाता है। इस बार BJP ने 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प रखा है। पढ़िए PM मोदी के दिए भाषण की अहम बातें:

  1. PM मोदी ने कहा कि भाजपा एक मात्र दल है. जो अपनी पार्टी के संविधान के अनुसार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने कार्य का विस्तार कर रहा है और जन-सामान्य की आशा, आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए अपने आप को निरंतर योग्य बनाते रहता है।
  2. PM मोदी ने इस दौरान अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि मैं जब राजनीति में नहीं था, तो जनसंघ के जमाने में बढ़े उत्साह के साथ कार्यकर्ता दीवारों पर दीपक पेंट करते थे तो कई राजनीतिक दल के नेता अपने भाषणों में मजाक उड़ाते थे कि दीवारों पर दीपक पेंट करने से सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंचा जा सकता है! हम वो लोग हैं, जिन्होंने श्रद्धा से दीवारों पर कमल पेंट किया, क्योंकि विश्वास था कि दीवारों पर पेंट किया कमल कभी न कभी तो दिलों पर भी पेंट हो जाएगा।
  3. PM मोदी ने BJP कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि आज भी कुछ राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उसी जीवन को जीते हैं और अपने आदर्शों के लिए जूझते हैं। हमारे कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि उसका एक पैर रेल में होता है और दूसरा जेल में होता है। PM ने आगे कहा रेल में इसलिए कि भाजपा का कार्यकर्ता निरंतर भ्रमण करता था, प्रवास करता था और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सत्ता पर बैठे हुए लोगों के सामने संघर्ष करता था.इसलिए कभी जेल तो कभी बाहर.ये उसकी स्थिति होती थी।
  4. PM मोदी ने कहा कि वो लोग जिन्होंने तीन-तीन, चार-चार पीढ़ी में घर नहीं देखा था, जिनका कोई अता-पता नहीं था, वो झुग्गी-झोपड़ी व फुटपाथ में जिंदगी गुजारते थे। ऐसे 4 करोड़ परिवार को हमने एड्रेस दिया है। और जब जिंदगी में घर का पता तय हो जाता है तो मंजिल का पता अपने आप बनने लगता है।
  5. PM मोदी ने कहा कि मेरे सामने 18 से 25 वर्ष के आयु का जवान मेरे 2047 के सपने का सबसे बड़ी शक्ति का स्रोत है। इसलिए उन्हें विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जोड़ना है, नेशन फर्स्ट के विचार से जोड़ना है।
  6. PM मोदी ने कहा कि हम सिर्फ चुनावी मशीन नहीं हैं। हम वो खाद-पानी हैं जो देशवासियों के सपनों को सींचा करते हैं। हम वो खाद-पानी हैं जो अपने आप को खपा कर देश के सपनों को संकल्प और संकल्प को सिद्धि तक ले जाने की यात्रा में अपने आप को डूबो देते हैं।
  7. PM मोदी ने कहा कि आज देश के गरीब का सबसे अधिक विश्वास हमारी नीतियों, निर्णयों और हमारे अपनाए हुए रास्तों के परिणामों में है। इसलिए हमें उस सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ना है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये सदस्यता अभियान पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ेगा।