Jammu Kashmir Communal Tension: भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के विवादित बयान के विरोध में जम्मू कश्मीर से भी तनाव की खबरें सामने आई हैं। गुरुवार को केंद्र शासित प्रदेश के डोडा जिले में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिसके बाद से प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया। हालात को सामान्य बनाने और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए शुक्रवार को डोडा के भद्रवाह कस्बे में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया।
तनाव फैलाने वालों को प्रशासन ने कड़ी चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जानकारी दी एहतियात के तौर पर किश्तवाड़ जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। इसके अलावा हालात को सामान्य करने के लिए फ्लैग मार्च के लिए सेना भी बुलाई गई। दावा किया जा रहा है कि स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है।
आरोप के मुताबिक भद्रवाह में एक मस्जिद से स्थानीय मौलवी आदिल गफूर गनई ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जिसका एक वीडियो क्लिप सामने आया। इस मामले में पुलिस ने मौलवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। और बाकी कार्रवाई कानून के तहत की गई है। गुरुवार रात जम्मू पुलिस मीडिया सेंटर ने बताया कि जो कोई कानून अपने हाथ में लेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान पूरे चिनाब वैली डोडा, किश्तवाड़ व रामबन में मोबाइल इंटरनेट सेवा देर रात ठप कर दी गई हैं।
दरअसल भाजपा से निलंबित हुईं नूपुर शर्मा के कथित बयान को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कानपुर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद अब जम्मू कश्मीर से भी इसपर कड़ी प्रतिक्रिया आई है।
इस तनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री और उधमपुर से भाजपा सांसद डॉ जितेंद्र सिंह ने अपील करते हुए कहा,”मैं लोगों और दोनों समुदायों के प्रमुखों से पारंपरिक सद्भाव बनाए रखने के लिए एक साथ बैठने की अपील करता हूं, जिसके लिए भद्रवाह शहर जाना जाता है।”
वहीं भद्रवाह में दो समुदायों के बीच माहौल तनावपूर्ण होने पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक तनाव के अलावा भी कई समस्याएं हैं।