jammu and Kashmir, Pakistan shelling: पाकिस्तान ने शनिवार को एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम चौकियों और गांवों में मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की, जिसमें एक सैनिक की जान चली गई। यह उल्लंघन ऐसे समय में हुआ है जब दो दिन पहले ही पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा के पास उसकी चौकियों पर भारतीय सेना द्वारा गोलीबारी करने का दावा किया था। उसने इसमें अपने चार सैनिकों के मारे जाने की बात भी कही थी।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में देहरादून निवासी लांस नायक संदीप थापा (35) शहीद हो गए।  सीमा पर तैनात भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारी ने बताया कि आखिरी रिपोर्ट मिलने तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी थी। जवाबी गोलीबारी में पाकिस्तान को पहुंचे नुकसान की तत्काल कोई जानकारी अभी नहीं है। गौरतलब है कि जम्मू के राजौरी और पुंछ जिलों में पिछले सप्ताह पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए थे और 10 महीने के एक बच्चे की जान चली गई थी। गोलीबारी में कई नागरिक घायल भी हुए थे।

इस बीच, कश्मीर घाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच लोगों की आवाजाही पर पाबंदियों में शनिवार को ढील दी गई। शहर के कुछ इलाकों में लैंडलाइन सेवा बहाल कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के 35 पुलिस थाना इलाकों में पाबंदियों में ढील दी गई है जबकि घाटी में कुल 96 टेलीफोन एक्सचेंज में से 17 को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों में जाने देने के लिए पाबंदियों में ढील दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल अब भी तैनात हैं और सड़कों पर बैरिकेड लगे हुए हैं। हालांकि, पहचान पत्र दिखाने के बाद ही लोगों को आवाजाही की अनुमति दी गई है।

[bc_video video_id=”6073694450001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

उन्होंने बताया कि राज बाग और जवाहर नगर जैसे कुछ इलाकों में लैंडलाइन फोन सेवाएं बहाल की गई है लेकिन लाल चौक, प्रेस एन्क्लेव और उसके आसपास अन्य इलाकों समेत अधिकतर हिस्सों में लैंडलाइन सेवाएं निलंबित हैं। अधिकारियों ने बताया कि सिविल लाइंस इलाके और घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों में निजी वाहनों की गतिविधियां बढ़ गई है। श्रीनगर के डलगेट इलाके में कुछ अंतर जिला कैब भी सड़कों पर दौड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस इलाके में कुछ दुकानें शनिवार सुबह खुली। ईंधन स्टेशन समेत ज्यादातर व्यावसायिक प्रतिष्ठान अब भी बंद हैं।