Lalu Prasad Yadav health: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ती जा रही है। स्वास्थ में लगातार आ रही गिरावट के चलते लालू अब पूरी तरह शाकाहारी बन गए हैं। पहले लालू रोजाना चार अंडे खाते थे। लेकिन पिछले हफ्ते की तुलना में इस हफ्ते लालू की किडनी के काम करने में 10 फीसदी की गिरावट आई है। इसलिए डॉक्टरों की सलाह पर अब उन्हें पूरे तरीके से शाकाहारी भोजन दिया जा रहा है। उनकी दोनों किडनी में संक्रमण है और उनका ब्लड प्रेशर और शुगर भी स्थिर नहीं है जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
चारा घोटाले में 14 साल की कैद की सजा काट रहे लालू रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में इलाज़ करा रहे हैं। लालू का इलाज कर रहे डॉ. पी. के. झा ने बताया कि लालू की किडनी 50 फीसदी काम कर रही है। पिछले हफ्ते उनकी किडनी 60 फीसदी काम कर रही थी। ऐसे में डॉक्टरों ने लालू को पूरे तरीके से शाकाहारी भोजन खाने को कहा है।
बता दें शनिवार को झारखंड के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव लालू से मिले थे। इसके अलावा बिहार से एमएलसी रामबाबू यादव और राजद नेता अशोक कुमार ने भी लालू से मुलाकात की थी। रामेश्वर लालू से सात मिनट के लिए मिले। रामेश्वर ने लालू से मिलने के बाद कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
पिछले साल लालू यादव की तबीयत ज्यादा खराब होने पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबीयत में अच्छा सुधार हुआ था। बाद में उन्हें फिर से रिम्स भेज दिया गया था। लालू को 17 तरह की बीमारियां हैं, जिनमें बीपी, शुगर, हार्ट डिजीज, डिमेंशिया आदि भी हैं।