भगोड़े ललित मोदी और विजय माल्या को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा है कि कानून के द्वारा वांछित और फरार लोगों को देश वापस लेने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विजय माल्या और ललित मोदी का हाल ही में एक वीडियो सामने आया था। इसमें दोनों लंदन में एक पार्टी में दिखाई दिए थे। इस वीडियो को ललित मोदी ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। मोदी ने तंज कसते हुए कहा था, ‘हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े।’
दो भगोड़ों की आलीशान पार्टी, विजय माल्या और ललित मोदी की ये फोटो वायरल हो गई
वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर भारत सरकार से सवाल भी पूछा था कि इन भगोड़ों को भारत कब वापस लाया जाएगा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘हम कई सरकारों के साथ बातचीत कर रहे हैं। इसमें कई कानूनी प्रक्रिया शामिल हैं लेकिन हम उन्हें देश में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिससे वे यहां की अदालतों में चल रहे मुकदमों का सामना कर सकें।’
ललित मोदी 2010 में भारत छोड़कर चला गया था जबकि 2016 में विजय माल्या ने भारत छोड़ दिया था। 2019 में भारत सरकार ने दोनों को भगोड़ा घोषित कर दिया था। विजय माल्या पर भारत के बैंकों का लगभग 9000 करोड़ रुपये बकाया है।
