आम आदमी पार्टी का विवादों से पीछा छूट ही नहीं रहा है। पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने पार्टी नेता कुमार विश्वास पर आरोप लगाया है कि वह उसके साथ उनके अवैध संबंधों को लेकर फैली ‘‘झूठी अफवाहों’’ को खारिज नहीं कर रहे हैं, जिनकी वजह से उसकी प्रतिष्ठा दांव पर है।

महिला कार्यकर्ता से इस आशय की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली महिला आयोग ने इस सिलसिले में विश्वास और उनकी पत्नी को कल तलब किया है।


महिला का दावा है कि उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री और पुलिस आयुक्त को अलग अलग पत्र लिखकर इस बारे में जानकारी दी, लेकिन उनमें से किसी ने भी उसकी शिकायत का जवाब नहीं दिया।

महिला का दावा है कि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान उसने अमेठी में विश्वास के लिए चुनाव प्रचार किया था। उसका आरोप है कि ‘‘अफवाहों’’ को खारिज करने के लिए विश्वास ने कोई कदम नहीं उठाया जबकि केजरीवाल ने तो उसकी शिकायत पर ध्यान ही नहीं दिया।

 

मुश्किल में फंसे आप नेता कुमार विश्वास, अवैध संबंध के आरोप में महिला आयोग ने भेजा नोटिस

 

आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य विश्वास और पार्टी का कहना है कि आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं और यह विरोधी दलों द्वारा आप के खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार का हिस्सा है।

आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा, ‘‘यह वही कार्यकर्ता हैं जो पिछले कुछ समय से हमारे पास आ रही हैं। उन्हें (विश्वास को) आना चाहिए क्योंकि यह उनकी अपनी पार्टी कार्यकर्ता की शिकायत है। उसकी शादी इस आरोप के कारण टूट रही है।’’

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पिछले कुछ समय से विवादों से जूझ रही है। पार्टी की रैली में किसान की खुदकुशी, कानून मंत्री की फर्जी डिग्री और पार्टी के भीतर उठी बगावत जैसे तमाम विवाद पिछले कुछ वक्त से पार्टी को घेरे हुए हैं।