Amarnath Yatra News: अमरनाथ यात्रा की शुरुआत होने जा रही है। इस बार अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। गुरुवार को अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था पवित्र गुफा की तरफ रवाना होगा। बुधवार को अमरनाथ यात्रियों की टोली के कुलगाम पहुंचने पर जिले के डीएम अतहर आमिर खान ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के सीनियर नेता रविंदर रैना और कश्मीर घाटी की अन्य प्रमुख हस्तियां भी नजर आईं।

अतहर आमिर खान, रविंद्र रैना ने अमरनाथ यात्रियों के कुलगाम पहुंचने पर उनपर फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सबके दिल में बहुत खुशी है।यहां हमारे जिले की प्रमुख हस्तियां और प्रशासन के लोग आए हुए हैं। हमें अमरनाथ यात्रियों का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।

बीजेपी के नेता रविंदर रैना ने कहा कि अमरनाथ यात्रा कश्मीर घाटी पहुंच रही है। जम्मू कश्मीर के लोग श्रद्धालुओं का स्वागत करते हैं। हम ‘कांगड़ी’ को पकड़कर पारंपरिक तरीके से तीर्थयात्रियों का स्वागत कर रहे हैं।

पहले जत्थे में 5,892 यात्रियों को रवाना किया गया

J&K के एलजी मनोज सिन्हा ने 5,892 यात्रियों के पहले जत्थे को जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्रा आधार शिविर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनका कश्मीर के कई स्थानों पर  स्थानीय अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी में पहुंचने पर तीर्थयात्रियों के काफिले का कुलगाम, अनंतनाग और श्रीनगर जिलों में प्रशासन और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तीर्थयात्री दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड इलाके में नवयुग सुरंग के जरिए से घाटी पहुंचे। यहां उनका स्वागत दक्षिण कश्मीर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक और कुलगाम के उपायुक्त ने किया। डीएम अतहर आमिर और रविंदर रैना ने भी यात्रियों का माला, फूलों के गुलदस्ते, मिठाइयों और फूल बरसाकर स्वागत किया।

38 दिन चलेगी अमरनाथ यात्रा

आपको बता दें कि अमरनाथ मंदिर की 38 दिवसीय तीर्थयात्रा गुरुवार को अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे छोटे लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से शुरू होगी। यात्रा नौ अगस्त को समाप्त होगी। इस साल की अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक 3.31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।