कोलकाता में 14 साल की एक लड़की की फेसबुक पर लुधियाना के एक लड़के से दोस्‍ती हुई। वह उससे मिलने की जिद करने लगी। परिवार वालों ने मना किया तो बगावत कर गई। फिर उन्‍हें बताए बिना घर से निकल पड़ी। वह हावड़ा-अमृतसर एक्‍सप्रेस की उस बोगी में बैठ गई जो फौजियों के लिए रिजर्व्‍ड थी। वहां उसे हवस का शिकार बना लिया गया। मधुपुर (झारखंड) में पुलिस को पता चला तो बेसुध हालत में उसे उतारा। अब अस्‍पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक फौजी मंदरीश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। वह सुल्‍तानपुर (यूपी) का है। उस पर आरोप है कि उसने लड़की को जबरन शराब पिलाई। इसके बाद साथियों के साथ मिल कर बलात्‍कार किया। सेना का कहना है कि वह पुलिस को जांच में पूरा सहयोग दे रही है और अपने स्‍तर पर भी जांच करा रही है।

जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की अभी बदहवास है। वह दमदम (कोलकाता) की रहने वाली है और अच्‍छे घर से है। रविवार को जैसे ही वह घर से निकली थी, उसके पिता ने जीआरपी को अलर्ट कर दिया था। लड़की को वीडियो फुटेज दिखाया गया तो उसने तीन आरोपियों की पहचान की है। उसने पुलिस को बताया कि उसके साथ छह बार बलात्‍कार किया गया। वह रविवार रात 1.50 बजे हावड़ा में ट्रेन में सवार हुई थी। पुलिस का कहना है कि लड़की का फेसबुक चैट देखने के बाद पता चला कि वह दोस्‍त से मिलने लुधियाना जा रही थी।