कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में लेडी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या मामले में सीबीआई जांच कर रही है। इस मामले के बाद देश भर में डॉक्टरों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी बीच कोलकाता पुलिस ने बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोलकाता पुलिस ने दो अलग-अलग मामले में केस दर्ज किया है। इसमें एक गलत जानकारी फैलाने तो वहीं दूसरा पीड़िता की पहचान को उजागर करने के लिए मामला दर्ज हुआ है। कोलकाता पुलिस ने दोनों मामलों में दो डॉक्टर और बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी को पूछताछ के लिए नोटिस भी भेजा है। वहीं पुलिस ने टीएमसी नेता सुखेंदु शेखर को भी तलब किया है।
कोलकाता मर्डर केस में पुलिस ने पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में कथित तौर भ्रम फैलाने वाली जानकारी के आरोप में डॉक्टर कुणाल सरकार और डॉक्टर सुबर्ण गोस्वामी पर केस दर्ज किया है। इसको लेकर कोलकाता पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है।
हालांकि, इस मामले को लेकर सुबर्ण गोस्वामी ने दावा किया है कि उन्हें अब तक कोई भी नोटिस नहीं मिला है। अगर उनको नोटिस मिलता है तो वो जरूर शामिल होंगे। जबकि डॉ कुणाल सरकार ने स्वीकार किया है कि उन्हें आज सुबह कोलकाता पुलिस ने नोटिस दिया है। उनको कल पुलिस मुख्यालय में पेश होना है।
लॉकेट चटर्जी को मिला नोटिस
कोलकाता पुलिस ने बीजेपी नेता और पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी को भी पूछताछ के लिए नोटिस दिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो लॉकेट चटर्जी पर पीड़िता की पहचान उजागर करने की गलत जानकारी साझा करने का आरोप है। उन्हें आज 3 बजे तक पेश होने के लिए कहा गया है।
8-9 अगस्त की रात में हुई थी घटना
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में लेडी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या हुई थी। लेडी डॉक्टर अभी पोस्ट ग्रेजुएट की छात्रा थी। मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में वह बेहोशी की हालत में मिली थी। बेहोशी की हालत में लेडी डॉक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान लेडी डॉक्टर की मौत हो गई। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले थे। जिसके बाद पूरे देश में डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।