BJP Rajya Sabha Candidates List 2024: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा उप-चुनाव 2024 के लिए आठ राज्यों से नौ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट के अनुसार त्रिपुरा से राजीब भट्टाचार्जी, राजस्थान से सरदार रवनीत सिंह बिट्टू, ओडिशा से ममता मोहंता, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, हरियाणा से किरण चौधरी, बिहार से मनन कुमार मिश्र और असम से मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली को उम्मीदवार बनाया गया है।
राज्यसभा के लिए उपचुनाव तीन सितंबर को होना है। बीजेपी द्वारा राज्सभा के लिए उम्मीदवार बनाई गई ममता मोहंता पहले बीजेडी में थीं, इसी तरह किरण चौधरी कांग्रेस पार्टी में थीं। ये दोनों नेता कुछ ही समय पहले बीजेपी में शामिल हुई हैं। रवनीत सिंह बिट्टू भी लंबे समय तक कांग्रेस ें रहे हैं, वह हाल में लोकसभा का चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए। लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी उन्हें केंद्रीय मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई।
नौ राज्यों की 12 सीटों पर होना है राज्यसभा का उपचुनाव
लोकसभा उपचुनाव नौ राज्यों की 12 सीटों पर होना है। इन 12 सीटों में से दस सीटें लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुईं। पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया उन सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा सीट खाली कर दी। इसके अलावा तेलंगाना और ओडिशा की एक-एक सीट पर भी राज्यसभा उपचुनाव हो रहा है।
त्रिपुरा के बीजेपी चीफ का भी लिस्ट में नाम
भारतीय जनता पार्टी की इस लिस्ट में राजीब भट्टाचार्जी का नाम भी शामिल है। वह त्रिपुरा में बीजेपी के अध्यक्ष हैं। जमीन से जुड़े नेता माने जाने वाले राजीब भट्टाचार्जी 1988 से संघ से जुड़े हुए हैं। वह साल 1991 में बीजेपी के सदस्य बने और तब से उन्होंने पार्टी के विभिन्न पदों पर काम किया। त्रिपुरा बीजेपी चीफ बनाए जाने से पहले वो प्रदेश में बीजेपी उपाध्यक्ष थे।
राजीब भट्टाचार्जी को त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देव का करीबी माना जाता था, उनके वर्तमान सीएम डॉ. माणिक साहा से भी अच्छे संबंध है। राजीब भट्टाचार्जी त्रिपुरा खादी बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह साल 2023 में बिप्लब देव के गढ़ बनमालीपुर से चुनाव लड़े थे लेकिन कांग्रेस पार्टी के दिग्गज गोपाल चंद्र रॉय से चुनाव हार गए।
