लंदन में 6 मई को किंग चार्ल्स तृतीय और रानी का राज्याभिषेक होगा। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद से ही किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक की तैयारियां चल रही हैं। किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर से तमाम बड़े नेता पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक, ब्रिटिश दूतावास ने सम्राट के राज्याभिषेक समारोह में भाग लेने के लिए मुंबई के डब्बावालों को निमंत्रण भेजा है।
किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक में मुंबई के डब्बावालों को निमंत्रण
मुंबई के प्रसिद्ध डब्बावालों ने दावा किया कि उन्हें 6 मई को किंग चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। जिसके बाद उन्हें मंगलवार को ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के लिए उपहार खरीदते हुए देखा गया। डब्बावालों ने किंग के लिए एक पुनेरी पगड़ी और वारकरी समुदाय का एक शॉल खरीदा है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ब्रिटिश दूतावास ने 74 वर्षीय सम्राट के राज्याभिषेक समारोह में भाग लेने के लिए डब्बावालों को निमंत्रण भेजा है।
किंग चार्ल्स III को यह तोहफा देंगे डब्बावाले
मुंबई डब्बावालों के प्रवक्ता विष्णु कलडोक ने एएनआई को बताया, “मुंबई डब्बावालों के ब्रिटिश राजघराने के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। उनकी शादी में दो डब्बावालों को न्योता दिया गया था। यह हमारे लिए सम्मान की बात थी। वह राजा बनने वाले हैं इसलिए हम किंग चार्ल्स को पुनेरी पगड़ी और वारकरी समुदाय की एक शॉल भेंट करना चाहते हैं।”
साल 2003 में, चार्ल्स III ने शहर की अपनी यात्रा के दौरान मुंबई के चर्चगेट स्टेशन पर डब्बावालों से मुलाकात की थी। 2005 में दो डब्बावालों ने चार्ल्स और कैमिला पार्कर की शाही शादी में भाग लिया था।
किंग के सम्मान में मुंबई में कार्यक्रम
वहीं, राज्याभिषेक से पहले मंगलवार को पश्चिमी भारत के ब्रिटिश हाई कमिश्नर एलन जेम्मेल ने किंग के सम्मान में मुंबई में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। ब्रिटिश हाई कमिश्नर ने ट्वीट कर कहा, “हम महामहिम राजा और महारानी के राज्याभिषेक से पहले एक उत्सव कार्यक्रम कर रहे हैं। राष्ट्रमंडल देश और मुंबई के हमारे सभी दोस्तों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। 6 मई को राज्याभिषेक यूनाइटेड किंगडम के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम है, जिसमें विश्व के नेता ऐतिहासिक समारोह का जश्न मनाने के लिए भाग लेते हैं।” किंग चार्ल्स द्वितीय को यूके और 14 अन्य स्वतंत्र क्षेत्रों के राजा का ताज पहनाया जाएगा।