केरल कैडर की पहली महिला आईपीएस अधिकारी एडीजीपी आर श्रीलेखा ने एडीजीपी रैंक के ही एक अन्य अधिकारी पर 29 साल से शोषण का आरोप लगाया है। श्रीलेखा ने अपनी फेसबुक पोस्ट में एडीजीपी तोमिन जे ताचान्केरी पर 1987 में ट्रेनिंग के दिनों से उनको डराने का आरोप लगाया। इसमें लिखा कि व्हीकल टैक्स गड़बड़ी मामले में उनके खिलाफ जांच का आदेश का आदेश देने के पीछे भी ताचान्केरी का हाथ है।
ताचान्केरी ने इन आरोपों का खंडन करते हुए इन्हें निराधार बताया है। गौरतलब है कि थ्रिसूर स्थित विजिलेंस कोर्ट ने श्रीलेखा के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। श्रीलेखा पर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर रहने के दौरान गड़बड़ी का आरोप है। श्रीलेखा की फेसबुक पोस्ट के अनुसार यह घटना एडीजीपी ऋषिराज सिंह के ट्रांसपोर्ट कमिश्नर रहने के दौरान हुई। लेकिन ताचान्केरी के इस पद पर आने के बाद शिकायत हुई। ताचान्केरी ने मुझे फंसाने के लिए शिकायत में साजिश की।
उन्होंने लिखा कि, ताचान्केरी की मानसिक प्रताड़ना के चलते वह बीमार हो गई है। उन्होंने ताचान्केरी पर विजिलेंस डिप्टी सुपरिटेंडेंट से गोपनीय रिपोर्ट को शिकायतकर्ता तक लीक करने का आरोप भी लगाया। आरोपों को खारिज करते हुए ताचान्केरी ने कहा, ‘डिपार्टमेंट में सबको पता है कि बरसों तक किसने किसका शोषण किया। मैं उनकी इस पोस्ट की शिकायत उच्च अधिकारियों तक करूंगा।’