झारखंड के जमशेडपुर में देर रात करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या की खबर सामने आई है। उनका शव राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर मिनी पंजाब होटल के पास गली में मिला है। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विनय के सिर में गोली लगी थी। हत्या के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विनय सिंह उलीडीह थाना क्षेत्र के आस्था स्पेस टाउन के निवासी थे। वह जमीन से जुड़े काम के सिलसिले में बालीगुमा आए थे। जानकारी के मुताबिक जैसे ही वह एक गली में पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। उनका करीब 500 मीटर दूर एक कच्ची सड़क पर झाड़ियों में मिला। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जो शव को घसीटने की वजह से बने प्रतीत हो रहे थे।

मामले में SIT गठित

पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विनय के हाथ में एक पिस्टल मिली थी जिससे शुरुआत में लोग उसे आत्महत्या मान रहे थे। हालांकि बाद में हत्या के एंगल को लेकर जांच शुरू हो गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।

डीएसपी वचनदेव कुजूर ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, और जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस को सूचना दी गई थी कि विनय सिंह सुबह 11:30 बजे घर से निकले हैं। इसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। उनके फोन की लोकेशन बालीगुमा में मिली। इसके बाद उनका शव बरामद हुआ।