कर्नाटक में चल रहा राजनीतिक संकट हर एक नए दिन के साथ और गहराता जा रहा है। इस बीच कांग्रेस और जेडीएस लगातार बीजेपी पर हमलावर हैं। बीजेपी के राज्यसभा सांसद राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को इस विवाद में बिजनेसमैन रतन टाटा को घसीट दिया। उन्होंने कहा कि अगर बागी विधायक विस्तारा फ्लाइट का सफर करते तो क्या आप रतन टाटा को इसका जिम्मेदार मानते?

उन्होंने कहा ‘अगर एक प्लेन से यात्रा करने से सरकारें गिर जाती तो सभी प्लेन का इस्तेमाल करते। यह एक चार्टेड प्लेन था जिसका इस्तेमाल कांग्रेस नेता पहले भी करते आए हैं। प्लेन को दोष देने से अच्छा है आप अपने गठबंधन की अस्थिरता को दोष दें।’

दरअसल कांग्रेस और जेडीएस ने आरोप लगाया है कि जिस प्लेन में बागी विधायकों को बेंगलूरू से मुंबई ले जाया गया वह राजीव चंद्रशेखर की कंपनी का है। फिलहाल ये विधायक मुंबई के एक लग्जरी पवई इलाके के रिनेसन्स होटल में रह रहे हैं। इस होटल के समीप धारा 144 लागू कर दी गई है। कांग्रेस नेता और कर्नाटक के मंत्री डी के शिवकुमार को होटल में प्रवेश करने से रोक दिया गया। हालांकि वह कांग्रेस-जेडीएस सरकार को गिराने से रोकने की कवायद के तौर पर बागी विधायकों से मुलाकात करने पर अड़े रहे। इसके बाद विधायकों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

वहीं बागी विधायकों ने शीर्ष अदालत में एक याचिका दायर की है। इन विधायकों ने याचिका में विधानसभा अध्यक्ष पर जानबूझ कर उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया है। बता दें कि प्लेन जुपिटर कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड का है और राजीव चंद्रशेखर इसके फाउंडर और चेयरमैन हैं। इसी को आधार मानते हुए कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह गठबंधन सरकार को गिराने के लिए षड्यंत्र रच रही है।