भारतीय वायुसेना के चीफ बीएस धनोवा ने सोमवार (27 मई 2019) को कारगिल शहीद स्क्वैड्रन लीडर अजय आहूजा को  श्रद्धांजलि अर्पित की। वायुसेना चीफ ने मिग-21 विमान को उड़ाकर अजय आहूजा को याद किया। उन्होंने पंजाब के भि‍सि‍याना एयर फोर्स स्‍टेशन से उड़ान भरी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह प्लेन को उडा रहे हैं। इस दौरान एयर मार्शल आर नांबियार ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

आहूजा पाकिस्तान के खिलाफ 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हो गए थे। आहूजा ‘सफेद सागर ऑपरेशन’ जिसे कारगिल युद्ध के दौरान हवाई क्षेत्र द्वारा दुश्मनों पर हमलों के लिए बनाया गया था उसमें शामिल थे। ‘सफेद सागर ऑपरेशन’ के तहत वायुसेना ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों पर हवाई हमले कर दुश्मन सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। धनोआ उस दौरान 17वें स्क्वैड्रन के कमांडिंग ऑफिसर रहे थे।

अजय आहूजा 1999 की करगिल की जंग के दौरान पाकिस्तानी बर्बरता का शिकार होना पड़ा था। आहूजा मिग 21 प्लेन उड़ा रहे थे। 27 मई 1999 को हुए संघर्ष के दौरान आहूजा के प्लेन को जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल से निशाना बनाया गया। दरअसल, आहूजा फ्लाइट लेफ्टिनेंट के नचिकेता के लापता मिग 27 विमान को तलाश रहे थे।

मिसाइल से हमले के बाद आहूजा ने प्लेन से खुद को अलग (Eject) कर लिया था। कहा जाता है कि पाकिस्तान की पकड़ में आने के बाद उन्हें प्रताड़ित किया गया। हालांकि पाकिस्तान ने बाद में आहूजा का शव लौटा दिया था।

उनके शव पर नजदीक से मारी गई गोली के निशान थे। इससे संकेत मिले थे कि उन्हें जिंदा पकड़ा गया था और बाद में गोली मार दी गई। आहूजा को मरणोपरांत 15 अगस्त 1999 को वीर चक्र से सम्मानित किया जा चुका है।