उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार-शनिवार (21-22 फरवरी, 2020) की दरमियानी रात डॉक्टर कफील खान के मामा की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक कफील के मामा नुसरुतुल्लाह अहमद वारसी उर्फ दादा (56) उस वक्त पड़ोस के घर से कैरम खेलकर लौट रहे थे। तभी बदमाश कंधे पर हाथ रखकर उनके घर में घुसा और हत्या कर दी।

हत्या की खबर पाते ही एसएसपी सुनील गुप्ता, एसपी सिटी कौस्तुभ, सीओ कोतवाली वीपी सिंह सहित तीन थाने की फोर्स और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले में छानबीन शुरू कर दी है। इसी बीच मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक कफील के तीन मामा में सबसे छोटे वारसी रोजाना रात में पड़ोसी सिराज तारिक के घर कैरम खेलने जाते थे। घटना की रात दस बजे के करीब वह कैरम खेलने गए थे और ग्यारह-बारह बजे के बीच वहां से घर के लिए लौट रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक जब वो घर के गेट पहुंचे, बाइक सवार एक अज्ञात वहां पहुंचा और वारसी के कंधे पर हाथ डालकर बात करने लगा। दोनों जब घर के अंदर आंगन तक पहुंचे, उसने गोली मार दी। कफील के मामा वहीं नीचे गिर गए और बदमाश फरार हो गया।

बताया जाता है कि घटना जिले के राजघाट थाना क्षेत्र की है। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि नुसरुतुल्लाह वारसी का कई लोगों से प्रॉपर्टी और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच में जुटी है।

मामले में सीओ कोतवाली वीपी सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने के साथ उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। मृतक रिश्ते में डॉक्टर कफील खान के सगे मामा हैं।