जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। अमरोहा (उत्तर प्रदेश) से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी बस जतवाल क्षेत्र में 30 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिर गई। बस का टायर अचानक फटने से यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए।

बस (नंबर यूपी 81 बीटी 7688) कठुआ से कटरा की ओर जा रही थी। तभी सांबा जिले के जतवाल इलाके में अचानक टायर फट गया और बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में बच्चे और महिलाएं भी सवार थीं। कई यात्री बुरी तरह घायल हो गए।

घायलों को एम्स भेजा गया है

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। सभी घायलों को जिला अस्पताल सांबा ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद आठ गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एम्स विजयपुर रेफर कर दिया गया। इनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसों से नहीं ली जा रही सीख, पटरी से लगातार उतर रही ट्रेन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ। यात्रियों के अनुसार बस में बैठे लोग सो रहे थे और अचानक वाहन पुल से नीचे जा गिरा। एक यात्री ने बताया कि वे 18 अगस्त को घर से निकले थे। पहले चामुंडा देवी और ज्वालाजी मंदिर में दर्शन किए थे और अब वैष्णो देवी के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री की जान चली गई है और बाकी सभी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत यात्रियों की मदद की और कई की जान बचाई।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतक श्रद्धालु के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि घायलों के इलाज और सहायता में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।