झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। वह 30 अगस्त को पार्टी की सदस्या लेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की इसमें अहम भूमिका रही है। उन्होंने ही सबसे पहले इसकी घोषणा की थी। इस बीच सरमा ने सोरेन को लेकर बड़ा दावा किया है। हिमंता ने कहा कि झारखंड सरकार पिछले 5 महीने से चंपई सोरेन पर नजर रख रही थी। इस मामले में दो लोगों को दिल्ली में उन पर नजर रखते हुए पकड़ा भी गया था।

सोरेन ने क्या किया दावा

हिमंता ने कहा कि चंपाई सोरेन के करीबी लोगों ने दिल्ली के एक होटल में झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के दो उप निरीक्षकों (एसआई) को उनपर नजर रखते हुए पकड़ा था। हिमंता ने कहा कि एक सप्ताह पहले चंपई सोरेन दिल्ली गए थे। 3 दिन रहने के बाद वह 26 अगस्त को दोबारा दिल्ली गए। वह ताज होटल में रुके थे। अब पता चला है कि दोनों बार उनको झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच की टीम फॉलो कर रही थी।

इस दौरान चंपई सोरेन के फोटो खींचे गए। चंपई सोरेन ने इसे लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों को गिरफ्तार भी किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक दोनों लोग झारखंड पुलिस के सब इंस्पेक्टर हैं। पहले उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पत्रकार हैं लेकिन बाद में चंपई सोरेन का पीछा करने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि आईजी प्रभात कुमार ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी।

हनी ट्रैप की भी जताई आशंका

हिमंता बिस्वा सरमा ने इस मामले में बड़ा आरोप लगाते हुए ‘हनी ट्रैप’ की भी संभावना जताई है। हिमंता ने कहा कि इस दौरान एक महिला भी इन एसआई के संपर्क में थी। चंपई के फोन भी टैप किए जा सकते हैं। बता दें कि पिछले दिनों चंपई सोरेन दिल्ली आए तो उनकी गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई। इसके बाद चंपई ने बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया। चंपई ने कहा कि वह पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर विश्वास कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।