झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार रात एक बस के पुल से नदी में गिर जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है। गिरिडीह के पुलिस अधिकारी अनिल कुमार ने  बताया कि हादसा गिरिडीह डुमरी रोड पर रात करीब 8.40 बजे हुआ जहां रांची से गिरिडीह जाने के दौरान बस बराकर नदी में गिर गई। अभी ज़्यादा  जानकारी सामने नहीं आई है, फिलहाल बचाव और राहत अभियान जारी है। 

3 की मौत, 24 घायल, मुख्यमंत्री ने क्या कहा? 

गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा ने मीडिया को बताया कि घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 24 लोग घायल हैं। इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस बचाव कार्य में लगे हुए हैं। उन्होंने ट्विटर पर कहा, “झारखंड के गिरिडीह में रांची से गिरिडीह आ रही बस के बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार मिला है।

जिला प्रशासन और झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा बचाव कार्य किया जा रहा है।” गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा ने कहा कि वह मौके पर हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं और बस में यात्रियों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।

स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री, झारखंड बन्ना गुप्ता ने कहा, “गिरिडीह में यात्रियों से भरी एक बस नदी में गिर गई, जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है, गिरिडीह उपायुक्त को बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार आवश्यक कार्रवाई कर रही है।”

विधायक मौके पर पहुंचे

जानकारी के मुताबिक बस 50 फीट की ऊंचाई से गिरी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। सभी यात्रियों को रेसक्यू कर लिया गया है। 3 लोग हादसे में ज़्यादा घायल हो गए थे जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।