झारखंड के हजारीबाग जिले के जंगल में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा के संयुक्त इनाम वाले कम से कम 3 नक्सलियों को मार गिराया गया। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने सोमवार को जानकारी दी। सर्च अभियान में तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गये हैं।

सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस ने सोमवार सुबह झारखंड के हजारीबाग में एक संयुक्त अभियान में तीन नक्सलियों को मार गिराया। इन तीन शीर्ष नक्सली नेताओं पर कुल मिलाकर 1.35 करोड़ रुपये का इनाम था। भाकपा माओवादी सेंट्रल कमेटी सदस्य 1 करोड़ का इनामी सहदेव महतो उर्फ प्रवेश, सैक सदस्य 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेंब्रम उर्फ चंचल और 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर बिरसेन गंझू एनकाउंटर में मारे गये।

तीनों नक्सलियों के शव बरामद

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोरहर थाना क्षेत्र के पंतित्री जंगल में सुबह करीब 6 बजे प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सहदेव सोरेन के दस्ते और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। झारखंड पुलिस के महानिरीक्षक (ऑपरेशन) और प्रवक्ता माइकल राज एस ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘तलाशी अभियान के दौरान एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी सहदेव सोरेन और दो अन्य माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि सहदेव उर्फ ​​प्रवेश प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था। उन्होंने बताया कि अभियान में मारे गए दो अन्य लोगों की पहचान रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ ​​चंचल और बीरसेन गंझू के रूप में हुई है।

पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की बदली रणनीति ने बढ़ाई सुरक्षाबलों की चिंता

सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस ने चलाया था संयुक्त अभियान

आईजी (ऑपरेशन) ने कहा, ‘‘रघुनाथ संगठन का विशेष क्षेत्र समिति सदस्य था और उस पर 25 लाख रुपये का इनाम था जबकि गंझू क्षेत्रीय समिति का सदस्य था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम था।’’ एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में कई हथियार बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि एक खुफिया रिपोर्ट के आधार पर कोबरा, हजारीबाग और गिरिडीह पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर बोकारो और गिरिडीह जिलों की सीमा पर स्थित पंतित्री जंगल में एक संयुक्त अभियान चलाया गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जैसे ही संयुक्त बल जंगल में पहुंचे, माओवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी और सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के दौरान तीन माओवादी मारे गए।’’ उन्होंने बताया कि तलाश अभियान अभी जारी है। पिछले दो दिन में झारखंड में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच यह दूसरी मुठभेड़ है। रविवार को प्रतिबंधित माओवादी समूह तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) का स्वयंभू उप-जोनल कमांडर मुखदेव यादव (40) उर्फ ​​तूफान जी झारखंड के पलामू जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था।

पढ़ें- अमृतसर में सनातन मंदिर पर हुआ था ग्रेनेड हमला

(इनपुट- भाषा)