झारखंड में गोल गप्पे खाने से करीब 50 बच्चे और महिलाओं के बीमार होने का मामला सामने आया है। झारखंड के कोडरमा जिले में सड़क किनारे एक रेहड़ी से गोल गप्पे खाने के बाद फूड पॉइजनिंग से लगभग 50 बच्चे और महिलाएं बीमार पड़ गईं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कोडरमा के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार शाम लोकाई पंचायत के गोसाईं टोला इलाके में एक रेहड़ी वाले से गोल गप्पे खाने के बाद लगभग 40 बच्चे और 10 महिलाएं फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गईं। अधिकारी ने बताया कि गोल गप्पे खाने के बाद बच्चों और महिलाओं को उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं होने लगीं और उनमें संक्रमण का पता चला। उन्होंने बताया कि उन्हें कोडरमा के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां वे 24 घंटे तक निगरानी में हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गोल गप्पे खाने के कुछ घंटे बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत

चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बच्चों की उम्र नौ से 15 साल के बीच है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने बताया कि विक्रेता के बचे हुए खाद्य पदार्थों को जब्त कर लिया गया है और नमूने जांच के लिए रांची भेजे गए हैं। जानकारी के मुताबिक, लोकाई पंचायत के गोसाईटोला और बलरोटांड गांव में शुक्रवार की शाम एक दुकानदार ने घूम-घूम कर गोल गप्पे बेचे। गोल गप्पे खाने के कुछ ही घंटे बाद ज्यादातर लोग उल्टी और दस्त की शिकायत करने लगे।

इलाज के लिए अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था

जिसके बाद शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक जिले के सदर हॉस्पिटल में एक-एक कर 40 लोग इलाज कराने पहुंचे। कुछ को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। कोडरमा की उपायुक्त मेघा भारद्वाज और एसडीओ संदीप मीना तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बीमार बच्चों और महिलाओं का हाल जाना। जिला प्रशासन की ओर से सदर अस्पताल में बीमार बच्चों और महिलाओं के समुचित इलाज की व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाने से सदर अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों को इलाज के लिए लगाया गया है।