झारखंड के बोकारो में 42 वर्षीय एक अधेड़ ने कथित तौर पर भूख से दम तोड़ दिया। मृतक का नाम भूखल घासी बताया जा रहा है। घासी 6 महीने पहले ही बेंगलुरू से लौटे थे। घासी के परिवार का कहना है कि कई दिनों से उनके घर में खाने को नहीं था। हालांकि बोकारो प्रशासन का इस मामले पर अलग ही कहना है।
प्रशासन का कहना है कि उनकी मौत बीमारी के चलते हुई है। बोकारो जिले के आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा, ‘भूखल (एनीमिया) रक्तहीनता से पीड़ित थे। वह डॉक्टरों की निगरानी में थे। वह बीमार होने के बाद बेंगलुरु से 6 महीने पहले लौटे थे।
आयुक्त ने आगे कहा कि घासी का पूरा परिवार एनीमिया से पीड़ित है। उनके परिवार को भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास दिलाने के लिए कहा गया है।उनकी पत्नी की भी हालत गंभीर है। सरकारी खर्चे पर उनकी पत्नी का इलाज किया जाएगा। पूरे परिवार का एनीमिया टेस्ट कराया जाएगा।
घासी के परिवार का कहना है कि ना उनके पास राशन कार्ड है और ना ही आयुष्मान कार्ड है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्विटर के जरिए अधिकारियों को पीड़ित परिवार की मदद के निर्देश दिए हैं।
