India Pakistan Artillery Fire: जम्मू और कश्मीर के बारामूला जिले के उरी में एक महिला की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए हैं। पाकिस्तान ने एलओसी पर आर्टिलरी फायरिंग तेज कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि बॉर्डर पार से गोलीबारी में बड़ी संख्या में घर भी तबाह हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, महिला की मौत उस वक्त हुई जब वह जिस वाहन में यात्रा कर रही थी, वह पाकिस्तान की तरफ से दागे गए गोले की चपेट में आ गया।

महिला की पहचान नरगिस बशीर के तौर पर हुई है। उसके परिवार के कुछ सदस्य उरी के रजवानी गांव से भागने के लिए एक वाहन में सवार हुए थे। वह पाकिस्तान की तरफ से मोर्टार और आर्टिलरी शैल की चपेट में आ गया। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही वाहन मोहुर्रा पहुंचा, उस पर शैल गिरा और बशीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों को जीएमसी बारामुला ले जाया गया।

हमने कई दशकों से इतनी भीषण गोलीबारी नहीं देखी

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और तोपों के गोले उरी के बहुत अंदर तक गिरे और मोहुरा, गिंगल और रामपुर तक गिरे। गिंगल में कम से कम 10 घरों को नुकसान पहुंचा। एक स्थानीय शख्स ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी गुरुवार रात 11 बजे शुरू हुई और शुक्रवार सुबह 4 बजे तक जारी रही। उरी के एक शख्स ने कहा, ‘हमने कई दशकों में सीमा पार से इतनी भीषण गोलाबारी नहीं देखी है।’

आज की ताजा खबर

अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर में पाकिस्तान ने भारी गोलाबारी की। एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी मोर्टार मंजगाम, क्रालपोरा, चौकीबाल और डोलीपोरा में गिरे। डोलीपोरा गांव कुपवाड़ा शहर से 10 किलोमीटर से भी कम दूरी पर है। अधिकारियों ने बताया कि आर्टिलरी फायरिंग में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, जिले में किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

सुरक्षित जगहों पर चले गए लोग

कश्मीर घाटी के नौगाम सेक्टर समेत कुछ अन्य सेक्टरों से भी बॉर्डर पार से गोलाबारी की खबरें आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि इंडियन आर्मी ने पाकिस्तानी गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया है। अधिकारियों ने बताया कि 60,000 से ज्यादा लोग सीमावर्ती इलाकों से सेफ जगहों पर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ लोग दूसरे इलाकों में अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं, जबकि कई लोगों को सरकार द्वारा बनाए गए शेल्टर हाउस में भेजा गया है।

कश्मीर घाटी में काटी गई थी बिजली

जम्मू शहर पर पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोनों के हमले के बाद एहतियात के तौर पर गुरुवार रात को कश्मीर घाटी में बिजली काट दी गई थी। श्रीनगर में गुरुवार देर रात बिजली बहाल कर दी गई, जबकि घाटी के अन्य हिस्सों में शुक्रवार सुबह बिजली बहाल कर दी गई। तनाव बढ़ने के बाद जम्मू-कश्मीर सरकार ने घोषणा की कि एहतियात के तौर पर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार को स्कूल बंद रहेंगे। भारत-पाक तनाव के बीच राजस्थान के लोगों ने बताया कि रात को क्या हुआ?