अगर आप अपने जीवन में जल्दी से सफलता पाना चाहते हैं तो इसका एक जरिया अच्छे और योग्य लोगों की संगत हो सकता है। हम जो अपने आसपास देखते हैं, उसका हमारे ऊपर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। कई बार हम वैसे ही बनना चाहते हैं जैसे लोगों को अपने आसपास देखते या सुनते हैं। इसलिए जरूरी है कि आप जिन लोगों के साथ उठते बैठते हैं वे अच्छे और योग्य हों। इसका एक कारण यह भी है कि इन लोगों से आपको उचित समय पर बेहतर सलाह भी मिल सकेगी। आपको सलाह के लिए किसी और के पास नहीं जाना होगा। अगर ये लोग आपके दोस्त या रिश्तेदार हैं तो उससे अच्छा और कुछ नहीं हो सकता है।
इसके अलावा किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए खुद को शिक्षित करना आवश्यक है। यहां शिक्षित का अर्थ स्कूल या कालेज के पढ़ाई नहीं है। क्योंकि आपको मिलने वाली सफलता कभी स्कूल या कालेज की पढ़ाई पर नहीं बल्कि उस शिक्षा पर निर्भर करती है जो आप कार्य करते समय प्राप्त करते हैं। यानी किसी भी क्षेत्र में अगर आपको लंबे समय तक टिकना है तो उस क्षेत्र में शुरुआती प्रशिक्षण लेना जरूरी होता है। यही वह शिक्षा है जिसकी बात ऊपर की गई है।
इसके अलावा कई बार हम नई चीजों को अपनाने या करने से डरते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि उस कार्य को हम कभी कर ही नहीं पाते हैं। इसलिए जीवन में जब भी जो भी कार्य करने के लिए मिले, उसे करना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा यह होगा कि आपको उतनी सफलता नहीं मिलेगी जितनी आप चाहते थे लेकिन अनमोल अनुभव मिल जाएगा।
