ISRO के चंद्रयान-3 ने बुधवार शाम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरकर इतिहास रच दिया है। इस सफलता के साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया, जबकि चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश। इससे पहले रूस, चीन और अमेरिका ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। भारत की इस सफलता पर देश और दुनिया के तमाम बड़े नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी है।

दक्षिण अफ़्रीका के जोहान्सबर्ग में कल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रात्रिभोज में विश्व के कई नेताओं ने चंद्रयान-3 की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। वहीं, अमेरिका और यूरोप की अंतरिक्ष एजेंसियों ने बुधवार को चंद्रमा पर चंद्र मिशन की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई दी और ISRO की इस उपलब्धि को अंतरिक्ष इतिहास में एक अतुल्य क्षण करार दिया। भारतीय समुदाय के लोगों ने न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का जश्न मनाया।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने दी भारत को बधाई

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा, “इस अभियान में शामिल सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के लिए यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है। हमें इस मिशन और अंतरिक्ष अन्वेषण में आपके साथ अधिक व्यापक साझेदारी पर गर्व है।” वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर शुभकामनाओं के लिए दुनियाभर के नेताओं का आभार व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने बुधवार को ट्वीट किया, अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों के लिए दक्षिण अफ्रीका में हमारे प्रवासी भारतीयों का उत्साह वास्तव में खुशी देने वाला है। प्रधानमंत्री ने बुधवार को जोहान्सबर्ग के एक होटल में एकत्र हुए प्रवासी भारतीयों का अभिवादन करते हुए अपनी तस्वीरें भी साझा कीं।

NASA प्रमुख ने दी बधाई

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ (ट्विटर) पर लिखा, “चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई! चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।”

UAE के राष्ट्रपति ने कहा, “भारत के चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान की सफल चंद्र लैंडिंग सामूहिक वैज्ञानिक प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण छलांग है। मैं मानव जाति की सेवा में इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को हार्दिक बधाई देता हूं। यूरोपीय यूनियन के अध्यक्ष ने लिखा, “चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए नरेंद्र मोदी को बधाई। भारतीय लोगों के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर और गर्व का क्षण। भारत अंतरिक्ष अन्वेषण में सच्चा अग्रणी बन गया है। भारत की इस सफलता से दुनिया भर के शोधकर्ताओं को लाभ होगा।”

चंद्रमा की सतह पर उतरा चंद्रयान-3

चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर ‘विक्रम’ ने चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए अपेक्षाकृत एक समतल क्षेत्र को चुना। उसके कैमरे से ली गयी तस्वीरों से यह पता चला है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने कहा कि विक्रम के सफलतापूर्वक चंद्रमा पर पहुंचने के तुरंत बाद ‘लैंडिंग इमेजर कैमरा’ ने ये तस्वीरें कैद कीं। तस्वीरें चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का एक हिस्सा दिखाती हैं। इसरो ने कहा कि लैंडर का एक पैर और उसके साथ की परछाई भी दिखायी दी।