Andhra Pradesh IPS Officer Arrested: आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक आईपीएस अधिकारी को मुंबई की एक एक्ट्रेस को कथित तौर पर परेशान करने और गलत तरीके से अरेस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पिछली वाईएसआरसीपी सरकार में इंटेलिजेंस चीफ रहे पीएसआर अंजनेयुलु पहले से ही सस्पेंड हैं। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी को हैदराबाद में गिरफ्तार किया गया और उन्हें विजयवाड़ा ले जाया जा रहा है।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस ने पिछले साल पुलिस अधिकारियों पर गलत तरीके से अरेस्ट करने और मुंबई में मौजूद एक निगम के टॉप एग्जीक्यूटिव के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस वापस लेने के लिए उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था। पिछले साल जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी सत्ता में थी। उस वक्त एक्ट्रेस और उनके पेरेंट्स को सत्तारूढ़ पार्टी के नेता कुक्कला विद्यासागर की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर अरेस्ट किया गया था। यह मामला जमीन से संबंधित था। कथित तौर पर अंजनेयुलू ने दो अधिकारियों को निर्देश दिए थे।

एक्ट्रेस ने पुलिस को दी शिकायत

सत्ता बदलने के बाद एक्ट्रेस ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने इसमें कहा कि अधिकारियों ने विद्यासागर के साथ मिलकर उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाने की साजिश रची। इतना ही नहीं एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज जालसाजी का मामला बिल्कुल फर्जी है। उन्हें मानसिक और शारीरिक तौर पर खूब प्रताड़ित किया गया।

 कर्नाटक Ex-DGP हत्या में बड़ा खुलासा

सरकार ने अधिकारी को कर दिया था सस्पेंड

एक्ट्रेस ने दावा किया कि उन्हें और उनके बुजुर्ग माता-पिता को बिना किसी जानकारी के जेल में डाल दिया गया और न्यायिक हिरासत में 40 से ज्यादा दिनों तक अपमानित किया गया। उनकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सरकार ने सितंबर में अंजनेयुलु सहित तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था। अन्य दो अधिकारी विजयवाड़ा के पूर्व पुलिस कमिश्नर क्रांति राणा टाटा और तत्कालीन डीसीपी विशाल गुन्नी थे। सस्पेंड किए गए अधिकारियों पर प्रोटोकॉल का पालन ना करते हुए पॉलिटिकल प्रेशर में काम करने का आरोप है। वहीं अंजनेयुलु पर अधिकार का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया। टाटा पर जांच की सही तरीके से निगरानी नहीं करने का आरोप लगाया गया है।