दुनियाभर में आज योग दिवस मनाया जा रहा है। 2014 में UN ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम मोदी न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग सत्र की अगुवाई करेंगे। इस कार्यक्रम में दुनियाभर के कई प्रतिष्ठित लोग भाग लेंगे। कई देशों के राजनयिक इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं पीएम मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से देश को संबोधित किया। जबकि देश में भी अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

योग के विस्तार का मतलब वसुधैव कुटुंबकम की भावना का विस्तार: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि योग के विस्तार का मतलब वसुधैव कुटुंबकम की भावना का विस्तार है। उन्होंने कहा कि भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना, ऐतिहासिक है। 2014 में जब संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव आया तब रिकॉर्ड देशों ने इसका समर्थन किया था। तभी से लेकर आज तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जरिए योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि योग के विस्तार का अर्थ है वसुधैव कुटुंबकम की भावना का विस्तार। उन्होंने कहा कि इस साल भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी20 समिट की थीम भी वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर रखी गई है। आज दुनिया में करोड़ो लोग योगा फॉर वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर एक साथ योग कर रहे हैं।”

योग सबको एकजुट करता: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव

वहीं संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने योग दिवस पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि योग सबको एकजुट करता है। एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि एक खतरनाक और विभाजित दुनिया में योग जैसे प्राचीन अभ्यास के लाभ विशेष रूप से कीमती हैं। उन्होंने कहा कि योग शांति प्रदान करता है, यह चिंता को कम कर सकता है और मानसिक कल्याण को बढ़ावा दे सकता है। यूएन महासचिव ने कहा कि योग हमें अनुशासन और धैर्य विकसित करने में मदद करता है, यह हमें हमारे साथ जोड़ता है।

यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि योग हमारी सामान्य मानवता को प्रकट करता है। उन्होंने कहा कि योग हमें यह समझने में मदद करता है कि हमारे मतभेदों के बावजूद, हम एक हैं। एंटोनियो गुटेरेस ने एकजुट होने का संदेश देते हुए कहा कि आइए हम एकता की भावना को अपनाएं और लोगों के लिए एक बेहतर, अधिक सामंजस्यपूर्ण दुनिया बनाने का संकल्प लें।

जेपी नड्डा ने हरियाणा में किया योग

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हरियाणा के गुरुग्राम में ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग किया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमारे लिए गौरव का दिन है क्योंकि पीएम मोदी, जिन्‍होंने योग का प्रस्‍ताव रखा था वो आज संयुक्‍त राष्‍ट्र से योग करेंगे। जेपी नड्डा ने सभी को योग दिवस की बधाई दी।

मोदी सरकार के मंत्रियों ने किया योग

योग दिवस के अवसर पर मोदी सरकार के मंत्रियों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। स्मृति ईरानी ने नोएडा, अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने INS विक्रांत पर और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एम्स में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।