INS Mormugao Indian Navy: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारतीय नौसेना में P15B स्टील्थ-गाइडेड मिसाइल विध्वंसक मोरमुगाओ (INS Mormugao) के कमीशनिंग समारोह के लिए रविवार (18 दिसंबर) को मुंबई पहुंचे। उन्होंने INS Mormugao को नौसेना को समर्पित किया। इस दौरान सीडीएस जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार भी मौजूद रहे।
INS Mormugao भारत में निर्मित सबसे शक्तिशाली युद्धपोत में से एक
मुंबई में भारतीय नौसेना (Indian Navy) आयोग द्वारा स्वदेशी रूप से निर्माण मिसाइल विध्वंसक INS मोरमुगाओ के कमीशनिंग समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कहा कि INS मोरमुगाओ भारत में निर्मित सबसे शक्तिशाली युद्धपोत में से एक है। ये भारत की समुद्री क्षमता में बढ़ोतरी करेगा। उन्होंने कहा, “MDSL द्वारा तैयार यह युद्धपोत हमारी स्वदेशी रक्षा उत्पादन क्षमता का बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करता है। इसमें कोई संदेह नहीं रह जाता है कि आने वाले समय में हम न केवल अपनी जरूरतों के लिए, बल्कि दुनिया भर की जरूरतों के लिए भी जहाज निर्माण करेंगे।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि INS मोरमुगाओ भारत में बने सबसे शक्तिशाली युद्धपोतों में से एक है, यह भारतीय समुद्री क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा। INS मोरमुगाओ दुनिया के सबसे तकनीकी रूप से उन्नत मिसाइल वाहकों में से एक है।
स्वदेशी युद्धपोत निर्माण के इतिहास में मील का पत्थर INS Mormugao
इस दौरान नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा, “स्वदेशी युद्धपोत निर्माण के इतिहास में आज का दिन एक और मील का पत्थर है क्योंकि हमने INS Mormugao को कमीशन किया है, खासकर जब हमारी सिस्टर शिप विशाखापत्तनम को एक साल पहले ही भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था।” नौसेना प्रमुख ने कहा, “यह उपलब्धि पिछले दशक में युद्धपोत डिजाइन और क्षमता निर्माण में हमारे द्वारा उठाए गए बड़े कदमों का संकेत है। नौसेना में शहरों के नाम पर जहाजों के नाम रखने की परंपरा है जो दोनों के बीच एक स्थायी कड़ी बनाती है।”
INS Mormugao की खासियत
मुंबई के मझगांव डॉकयार्ड पर बनाए गए INS Mormugao स्टेल्थ गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर को आधुनिक युद्ध के लिए बनाया गया है। इसकी सबसे खास बात ये है कि इसकी बाहरी परत को स्पेशल स्टील से बनाया गया है, ताकि दुश्मन राडार पर इसे लोकेट न कर पाए। आईएनएस मोरमुगाओ देश में बनाए गए सबसे शक्तिशाली युद्धपोतों में से एक है। 163 मीटर लंबे, 17 मीटर चौड़े और 7400 टन वजनी इस युद्धपोत में ब्रह्मोस और बराक 8 जैसी विध्वंसक मिसाइलें लगी हैं।