नरेंद्र मोदी सरकार की दूसरी वर्षगांठ (26 मई) से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के सोशल मीडिया वॉलियंटर्स से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों का लोगों में प्रचार करें। शाह ने कहा कि आप देश में सकारात्मक माहौल पैदा करने में मदद करें। आर्थिक सुधार या जन कल्याण को वरीयता देने, उद्योग या कृषि को बढ़ावा देने पर एक संतुलन बिठाते हुए भ्रम की स्थिति को मोदी सरकार द्वारा खत्म किए जाने का जिक्र करते हुए शाह ने अच्छे कार्यों के बारे में जागरूकता फैलाने को कहा।

Read Also: इलाहाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह करेंगे शिरकत

शाह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में जितना विकास हुआ है, उतना पिछली सरकारों ने कई वर्षों में नहीं किया था। साथ ही उन्होंने कहा कि सबसे अहम बात यह है कि यह विकास बिना किसी भ्रष्टाचार के आरोप के हुआ है। उन्होंने कहा, ‘यह सरकार सुधार लाना चाहती है और इसकी प्राथमिकता एक कल्याणकारी देश बनाने की भी है। इसने कृषि और उद्योग को समान महत्व देकर एक संतुलन बिठाया है। इसने एक नई शुरूआत की है।’

पारंपरिक मीडिया की सीमाओं से नहीं बंधने वाले स्वयंसेवियों को ‘साइबर लड़ाके’ बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले शासनों के नीचे घसीटने वाले भ्रम की चार स्थितियों को खत्म किया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें इस भ्रम में पड़ी रही कि नेताओं या नौकरशाहों, गांवों या शहरों, उद्योग या कृषि और आर्थिक सुधार या समाज कल्याण किन्हें वरीयता दी जाए। नरेन्द्र मोदी सरकार ने इन चारों भ्रम को खत्म कर दिया है। इसने पिछली सरकारों और देश के भविष्य को नीचे घसीटा था। यह एक बड़ी उपलब्धि है।